फाजिल्का में 8 जनवरी को शहर बंद का ऐलान:बढ़ती चोरियों पर व्यापार मंडल में रोष, घंटाघर चौक पर देंगे धरना

फाजिल्का में बढ़ती चोरी की वारदातों के विरोध में व्यापार मंडल ने बड़ा कदम उठाया है। व्यापार मंडल की बैठक में फैसला लिया गया कि 8 जनवरी को फाजिल्का शहर बंद रखा जाएगा। व्यापारियों का आरोप है कि शहर में लगातार चोरी की घटनाएं बढ़ रही हैं और पुलिस की ओर से उनकी शिकायतों पर सुनवाई नहीं हो रही, जिसके चलते यह निर्णय लिया गया है। व्यापार मंडल के फैसले के तहत 8 जनवरी को दोपहर 2 बजे तक फाजिल्का शहर की सभी दुकानें बंद रहेंगी। इसके साथ ही चौक घंटाघर पर धरना-प्रदर्शन भी किया जाएगा। व्यापारियों का कहना है कि वे बढ़ती चोरी की वारदातों और कथित पुलिस निष्क्रियता के खिलाफ अपना रोष प्रकट करेंगे। आए दिन चोरी की घटनाएं हो रही फाजिल्का व्यापार मंडल के अध्यक्ष अशोक गुलबधर ने बताया कि शहर में लोगों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि आए दिन चोरी की घटनाएं सामने आ रही हैं, जिससे आम लोग और व्यापारी खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। व्यापार मंडल ने इस मुद्दे को लेकर जिला पुलिस अधिकारियों से मुलाकात भी की थी, लेकिन उनकी शिकायतों पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई, जिसके बाद शहर बंद का फैसला लिया गया। पुलिस ने व्यापार मंडल के आरोपों को खारिज वहीं, दूसरी ओर पुलिस ने व्यापार मंडल के आरोपों को खारिज किया है। सिटी थाना के एसएचओ लेखराज ने दावा किया कि अब तक सामने आई सभी चोरी की वारदातों को पुलिस ने ट्रेस कर लिया है। उन्होंने बताया कि पुलिस ने न केवल आरोपियों को गिरफ्तार किया है, बल्कि चोरी हुए सामान की रिकवरी भी की गई है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *