भास्कर न्यूज | अमृतसर भगतांवाला रेलवे फाटक बंद होने पर यहां लगने वाले लंबे जाम से शहरवासी परेशान हैं। इस समस्या के कारण इस रास्ते से गुजरने वाले वाहन चालकों का मिनटों का सफर कई बार घंटों में बदल जाता है। क्योंकि रेलगाड़ी आने के दौरान फाटक बंद होने पर लंबा जाम लग जाता है। लोगों ने रेलवे और जिला प्रशासन से इस जगह फ्लाईओवर बनाने की मांग की है। भगतांवाला रेलवे फाटक वाले रोड पर एक तो शहर की सबसे बड़ी दाना मंडी है। यहां रोजाना जिले के किसान अपने भारी वाहनों पर फसल लेकर पहुंचते हैं। वहीं इस रोड पर मंडी के बीच के रास्ते से ही शहर का सबसे बड़ा कूड़े का डंप भी है। रोजाना निगम की गाड़ियां शहर से कूड़ा इकट्ठा करके इस रास्ते निकलती है। दूसरी तरफ इस रास्ते पर शैलर भी है यहां से रोजाना ट्रक निकलते हैं। जबकि इस रास्ते पर मूले चक्क, फतेह सिंह कॉलोनी, इब्बन कलां और कई कॉलोनियों के साथ रास्ता झब्बाल रोड को जाता है। जिसके चलते यह रास्ता ज्यादा व्यस्त रहता है। भगतांवाला रेलवे स्टेशन पर रेलगाड़ी आने पर फाटक बंद होने से लंबा ट्रैफिक जाम हो जाता है। इलाका निवासी हरजीत सिंह, हरभजन सिंह, अमनदीप सिंह, बलजीत सिंह, रूपिंदर सिंह ने बताया कि कई बार फाटक बंद होने पर जाम इतना लंबा जाम लग जाता है कि एम्बुलेंस और फायर ब्रिगेड की गाड़ियां भी जाम में फंस जाती है। कई बार इस स्टेशन पर मालगाड़ियां आती है जिस कारण लोगों जाम में फंसे रहते हैं। लोगों ने रेलवे व जिला प्रशासन से फाटक पर फ्लाईओवर बनाने की मांग की है। भगतांवाला रेलवे फाटक पर लगा ट्रैफिक जाम। (दाएं) जाम में फंसी फायर ब्रिगेड की गाड़ी।


