बारां में किसानों के लिए फार्मर आईडी बनाने का विशेष अभियान शुरू किया जा रहा है। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के निर्देश और जिला कलेक्टर रोहिताश्व सिंह तोमर के नेतृत्व में यह अभियान कृषि एवं किसान मंत्रालय की एग्री स्टेक योजना के तहत चलाया जाएगा। 17 से 19 फरवरी के दौरान जिले की सभी सात तहसीलों में विशेष शिविर लगेंगे। बारां में माथना, छबड़ा में कडैयानोहर, छीपाबड़ौद में बम्बोरीघाट, मांगरोल में मऊ, अटरू में कनोटिया, अंता में बिजौरा और किशनगंज में बादीपुरा ग्राम पंचायतों में शिविरों का आयोजन किया जाएगा। फार्मर आईडी के तहत किसानों को 11 अंकों का विशेष डिजिटल कार्ड जारी किया जाएगा। इस कार्ड से किसान सरकारी योजनाओं का सीधा लाभ ले सकेंगे। इसमें फसल बीमा, सब्सिडी और अन्य कृषि सहायता शामिल है। डिजिटल क्रॉप सर्वे के माध्यम से किसानों की फसलों की डिजिटल रिकॉर्डिंग की जाएगी और खेतों का सटीक लोकेशन डेटा संरक्षित किया जाएगा। किसानों को फार्मर आईडी बनवाने के लिए आधार कार्ड, खेत की जमाबंदी और आधार से लिंक मोबाइल नंबर लेकर आना होगा। तकनीकी समस्याओं के समाधान के लिए राज्य स्तर पर एक विशेष सेल का गठन किया गया है। जिला प्रशासन ने किसानों से अपील की है कि वे इन शिविरों में जरूर भाग लें ताकि सरकारी योजनाओं का लाभ समय पर मिल सके।


