भास्कर संवाददाता | छतरपुर सागर रोड स्थित निजी विश्वविद्यालय में स्पोर्ट फेस्टिवल 2024 के अंतर्गत स्व. बलबीर सिंह स्मृति क्रिकेट टूर्नामेंट का आयोजन किया जा रहा है। इस टूर्नामेंट के दूसरे दिन गुरुवार को दो मैच खेले गए। जिसके मुख्य अतिथि गणेश साहू उपाध्यक्ष जिला अधिवक्ता संघ छतरपुर तथा विशिष्ट अतिथि एडवोकेट पंकज गुप्ता, एडवोकेट प्रभात के साथ विश्वविद्यालय के कुलाधिपति डॉ. बृजेंद्र सिंह गौतम मौजूद रहे। मुख्य अतिथि गणेश साहू ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि खेल न केवल हमें एक-दूसरे से जोड़ते हैं। बल्कि स्वस्थ शरीर और प्रसन्न मन का आधार भी बनता है। विशिष्ट अतिथि एडवोकेट पंकज गुप्ता ने खिलाड़ियों का मनोबल बढ़ाते हुए कहा कि खेल से मनुष्य की मनोवैज्ञानिक जरूरतें पूरी होती है। साथ ही वह सामाजिक कौशल विकास का भी अवसर प्रदान करता है। कुलाधिपति डॉ. बृजेंद्र सिंह गौतम ने कहा कि खेल में जीत और हार दो पहलू है। किसी के हिस्से में जीत तो किसी के हिस्से में हार आती है। हमें हार से निराश नहीं होना चाहिए। बल्कि सफलता में क्या कमी रह गई, इस पर चिंतन कर सुधार कर आगे बढ़ना चाहिए। गुरुवार को पहला लीग मैच कंप्यूटर एप्लीकेशन और फार्मेसी के मध्य खेला गया। जिसमें बल्लेबाजी करते हुए कंप्यूटर एप्लीकेशन संकाय ने निर्धारित 10 ओवर में 122 रन बनाए। इस लक्ष्य का पीछा करते हुए मात्र 3 विकेट खोकर फार्मेसी संकाय ने 123 रन बनाकर मैच अपने नाम कर लिया। वहीं दूसरी पारी का मैच विधि संकाय और शिक्षा शास्त्र व विज्ञान संकाय के मध्य खेला गया। जिसमें विधि संकाय ने 33 रनों से जीत दर्ज की।


