फार्मेसी स्टूडेंट्स ने सीनियर को लात-घूंसों से पीटा…VIDEO:जीवाजी यूनिवर्सिटी के छात्र नशे में थे; पीड़ित बोला-रैगिंग की, पुलिस ने FIR नहीं लिखी, कोर्ट पहुंचा

ग्वालियर के जीवाजी विश्वविद्यालय के आर्यभट्ट हॉस्टल में फार्मेसी के स्टूडेंट्स समेत 8 लोगों ने लॉ के छात्र को लात घूंसों से जमकर पीटा। फॉर्मेसी के छात्रों ने शराब पार्टी के बाद अपने सीनियर से मारपीट की। छात्र को गंभीर चोटें आई हैं। वारदात CCTV कैमरे में कैद हो गई है। पीड़ित छात्र ने यूजीसी, जीवाजी विश्वविद्यालय प्रबंधन और पुलिस से शिकायत की, लेकिन विश्वविद्यालय प्रबंधन और पुलिस ने कोई एक्शन नहीं लिया। पीड़ित छात्र ने परेशान होकर कोर्ट में इस्तेगासा लगाया है। छात्र ने भट्टाचार्य हॉस्टल में रैगिंग करने की भी शिकायत की है। जानकारी के मुताबिक घटना 2 फरवरी की है। बीकॉम एलएलबी 10वें सेमेस्टर का छात्र सुधांशु अस्थाना शाम को हॉस्टल के बाहर टहल रहा था। इस दौरान फार्मेसी थर्ड और फोर्थ ईयर के छात्र हिमांशु शुक्ला, अनंत प्रताप सिंह, आनंद चतुर्वेदी, सौरभ गुर्जर, निखिल कुशवाह, गौरव जाट, सौरभ तिवारी हॉस्टल में पार्टी कर रहे थे। सुधांशु अस्थाना ने बताया कि आर्यभट्ट हॉस्टल में शोर मचा रहे थे। इसी बीच नशे में धुत छात्रों ने मुझसे गाली गलौज की। छात्रों को गाली देने से मना किया तो सभी लोग हॉस्टल से नीचे उतर आए।मारपीट शुरू कर दी। मारपीट से मोच आई है। राइट हैंड का शोल्डर डैमेज हुआ है। आर्यभट्ट हॉस्टल में शराब पार्टी करते हैं फार्मेसी छात्र- पीड़ित
पीड़ित छात्र ने बताया कि मारपीट करने वाले छात्र हिमांशु शुक्ला, अनंत प्रताप सिंह, आनंद चतुर्वेदी हॉस्टल में रहते हैं। सौरभ गुर्जर, निखिल कुशवाह, गौरव जाट और सौरभ तिवारी कैंपस के बाहर रहते हैं, लेकिन उनका हॉस्टल में अकसर आना-जाना है। सुधांशु अस्थाना ने बताया कि ये सभी छात्र मेरे जूनियर हैं, लेकिन रैगिंग कर परेशान करते हैं। वे कई दिनों तक आर्यभट्ट हॉस्टल में रहते हैं। शराब पार्टी करते हैं। शराब पार्टी के खिलाफ पहले भी शिकायतें हो चुकी हैं, लेकिन यूनिवर्सिटी ने कोई एक्शन नहीं लिया। पास से गुजरते समय कमेंट करते हैं
पीड़ित छात्र का कहना है कि वह 2021 से इस हॉस्टल में रह रहा है, लेकिन जब से फार्मेसी के कुछ छात्र आए हैं, तब से माहौल खराब हो गया है। वे जूनियर होने के बावजूद उसके साथ अभद्रता करते रहते हैं। गेट के बाहर खड़े होकर शोर मचाते हैं। पास से गुजरते समय कमेंट करते हैं। पहले भी उठते रहे हैं रैगिंग के मामले पीड़ित छात्र का कहना है कि हॉस्टल में इस तरह की घटनाएं पहले भी होती रही हैं, लेकिन सख्त कार्रवाई नहीं होने से ऐसे मामले नहीं रुक रहे। पूर्व में रैगिंग की शिकायत पर आठ सीनियर छात्रों को परीक्षा से वंचित भी किया जा चुका है, इसके बावजूद घटनाएं जारी हैं। लॉ के छात्र को फार्मेसी के छात्रों ने पीटा- जीवाजी PRO जीवाजी विश्वविद्यालय के जनसंपर्क अधिकारी डॉ. विमलेन्द्र सिंह राठौर ने बताया कि रैगिंग है या आपसी विवाद ये जांच का मामला है। ये सही है कि हॉस्टल कैंपस के बाहर छात्रों में विवाद हुआ है। लॉ के छात्र को फार्मेसी के छात्रों ने पीटा है। कुलगुरु से शिकायत हुई है। फार्मेसी संस्थान से मारपीट में शामिल बताए गए छात्रों की पूरी जानकारी मांगी है। जांच कमेटी बनाएंगे, जांच में जो तथ्य सामने आएंगे, उसके अनुसार कार्रवाई की जाएगी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *