जामताड़ा| हीलिंग हैंड फिजियोथैरेपी सेंटर में 11वां अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस मनाया गया। इस मौके पर जिले के अलग-अलग हिस्सों से आए फिजियोथैरेपिस्टों ने एक साथ योग किया। सभी ने अपने बहुमूल्य समय से कार्यक्रम को सफल बनाया। सेंटर के डायरेक्टर डॉ. भास्कर ने योग करें, स्वस्थ रहें का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि एक पृथ्वी, एक स्वास्थ्य के लिए योग की भावना अपनाकर हम सामूहिक स्वास्थ्य की दिशा में आगे बढ़ सकते हैं। योग अभ्यास में सोमनाथ, देवासी, सूर्य, आर्यन, अमर, खुशबू और अनिमा शामिल रहे। सभी ने विभिन्न योगासन और प्राणायाम किए। कार्यक्रम में योग के महत्व को समझाया गया। भास्कर न्यूज | बागडेहरी अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर कुंडहित प्रखंड में सरकारी और गैर-सरकारी संस्थानों में योगाभ्यास हुआ। प्रखंड मुख्यालय, पंचायत स्तर, स्कूलों और सामुदायिक स्थलों पर सामूहिक योग सत्र हुए। मुख्य कार्यक्रम प्रखंड कार्यालय परिसर में हुआ। इसमें प्रखंड विकास पदाधिकारी जमाले रजा, अंचलाधिकारी सीताराम महतो और अन्य कर्मियों ने योग किया। उन्होंने लोगों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया। कार्यक्रम की शुरुआत सूर्य नमस्कार से हुई। इसके बाद विभिन्न आसनों और प्राणायामों का अभ्यास कराया गया। पंचायत मुखिया, सचिव, पंचायत सचिवालय के कर्मी और ग्रामीणों ने मिलकर योग किया। खुले और प्राकृतिक वातावरण में योग करने का अनुभव लोगों को सुखद लगा। आर के सिंह वाहिनी प्लस टू विद्यालय, कुंडहित में भी योग दिवस धूमधाम से मनाया गया। छात्र-छात्राओं, शिक्षकों और स्टाफ ने मिलकर योगाभ्यास किया। बच्चों ने उत्साह से योगासन किए और योग का महत्व समझा। कार्यक्रम में बीडीओ जमाले रजा मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद थे। उन्होंने कहा कि योग भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर है। यह शारीरिक स्वास्थ्य के साथ मानसिक शांति और आत्मसंयम भी देता है। बीडीओ ने कहा कि आज की भागदौड़ भरी जिंदगी में योग अपनाकर कई बीमारियों से बचा जा सकता है।


