फिट इंडिया और नशा मुक्त भारत थीम पर मैराथन:झालावाड़ में गढ़ परिसर से खेल संकुल तक दौड़े युवा, कलेक्टर ने दिलाई नशामुक्ति की शपथ

सेवा पर्व पखवाड़ा के अंतर्गत झालावाड़ में युवाओं के लिए एक विशेष मैराथन का आयोजन किया गया। यह मैराथन फिट इंडिया और नशा मुक्त भारत के संदेश को लेकर आयोजित की गई। मैराथन की शुरुआत गढ़ परिसर से हुई। धावक सीमेंट रोड, मोटर गैराज और सुभाष सर्किल होते हुए श्रीमती विजया राजे सिंधिया राजकीय खेल संकुल तक पहुंचे। समापन समारोह में जिला कलेक्टर अजय सिंह राठौड़ ने महत्वपूर्ण घोषणा की। उन्होंने बताया कि झालावाड़ खेल संकुल में जल्द ही सीनियर टीमों के मैच आयोजित होंगे। कलेक्टर ने युवाओं को फिट रहने का आग्रह किया। साथ ही सभी को नशामुक्त झालावाड़ के लिए शपथ भी दिलाई। यह मैराथन राज्य सरकार के निर्देश पर आयोजित सेवा पर्व पखवाड़ा का हिस्सा है। यह पखवाड़ा 17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक प्रदेश के सभी जिलों में मनाया जा रहा है। कार्यक्रम में जिला परिषद सीईओ शंभूदयाल मीणा, खेल अधिकारी कृपा शंकर शर्मा, आरपीएससी के पूर्व चेयरमैन श्यामसुंदर शर्मा उपस्थित रहे। भाजपा से जिलाध्यक्ष हर्षवर्धन शर्मा, पूर्व जिलाध्यक्ष संजय जैन, सभापति प्रदीप सिंह राजावत, यतन यादव, ओम जांगिड़ और प्रकाश वर्मा भी मौजूद रहे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *