टीकमगढ़ में रविवार को केंद्र सरकार के ‘फिट इंडिया’ कार्यक्रम के तहत ‘संडे ऑन साइकिल’ का आयोजन किया गया। गंजी खान स्टेडियम स्थित साई सेंटर से शुरू हुई इस साइकिलिंग रैली में खिलाड़ी, युवा और मीडियाकर्मी शामिल हुए। साई केंद्र प्रभारी देवेश चंदेल ने बताया कि यह पहल केंद्रीय युवा मामले और खेल मंत्री डॉ. मनसुख मंडाविया के दृष्टिकोण के तहत शुरू की गई है। इसका मुख्य उद्देश्य नियमित शारीरिक गतिविधियों के माध्यम से स्वास्थ्य और कल्याण को बढ़ावा देना है। डॉ. मंडाविया ‘विकसित भारत’ के दृष्टिकोण के तहत फिटनेस को एक स्वस्थ और मजबूत राष्ट्र के निर्माण का अहम आधार मानते हैं। हर नागरिक को फिटनेस से जोड़ने का संदेश भारतीय खेल प्राधिकरण (साई) टीकमगढ़ की ओर से आयोजित यह कार्यक्रम शारीरिक फिटनेस की सामूहिक जिम्मेदारी को भी रेखांकित करता है। इसका उद्देश्य केवल एथलीटों तक सीमित न होकर, हर नागरिक को अपनी दैनिक दिनचर्या में शारीरिक गतिविधि को शामिल करने और एक स्वस्थ, फिट भारत की दिशा में काम करने के लिए प्रेरित करना है। शहर भ्रमण के बाद गंजी खाना ग्राउंड में साइकिल रैली का समापन हुआ। इस दौरान रैली में शामिल लोगों को सम्मानित कर प्रोत्साहित किया गया। इस अवसर पर हॉकी कोच प्रिंस सेन, सुधीर जैन, उवैस खान, शिवेंद्र सिंह सहित कई खिलाड़ी उपस्थित रहे।


