फिर छाया आसमान में कोहरा:अगले 24 घंटे में बढ़ेगी सर्दी, हवा चलने और बूंदाबांदी की संभावना

दो दिन बादल छाने के बाद हवा में नमी के असर से सोमवार सुबह एक बार फिर कोहरा छाया। इससे सड़कों पर निकले लोग बेहद परेशान होते दिखे। कार और बसों के ड्राइवर हैडलाइट जलाकर धीमे-धीमे गंतव्य की ओर बढ़े वहीं काम काज के जुगाड़ के लिए सड़कों पर निकले लोग ठिठुरते दिखे। दस से पंद्रह मीटर तक देख पाना मुश्किल हो रहा था। सब्जी और दूध की बिक्री के लिए सड़कों पर निकले लोगों के हाल बेहाल थे। शहर के चौक चौराहों को कुछ दूरी से देख पाने में परेशानी आ रही थी। आमतौर पर बेहद व्यस्त रहने वाले बीरबल चौक और सुखाड़िया सर्किल पर भी लोगों की आवाजाही बेहद कम थी।
चाय की थड़ियों पर जुटे लोग
सुबह सर्दी के चलते सड़कों पर आवाजाही कम थी, लेकिन सुखाड़िया मार्ग, गौशाला रोड, और बीरबल चौक के आसपास चाय की थड़ियों पर मेहनत मजदूरी के लिए निकले लोग जुटने लगे। चाय की चुस्कियों के साथ ये लोग अलाव पर हाथ तापते नजर आए। शहर के सब्जी मंडी इलाके में सुबह से ठेलों पर लोगों ने सब्जियां सजानी शुरू कर दी। तेज सर्दी के बावजूद ये लोग बिना सर्दी की परवाह किए काम के लिए निकल पड़े। अगले 24 घंटे में बूंदाबांदी की संभावना
एक्सपर्ट्स के अनुसार अगले 24 घंटे में तापमान में और गिरावट आ सकती है।इस दौरान बूंदाबांदी हो सकती है। सर्दी में तेजी आने के साथ शीतलहर चलने की भी संभावना है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *