इंदौर में श्रीमंत योगी छत्रपति शिवाजी महाराज विचार मंच की ओर से एक खास पहल की गई। छत्रपति शिवाजी महाराज की 395वीं जन्म जयंती से पहले मंगलवार को मनमंदिर सिनेमा में छावा फिल्म के विशेष शो का आयोजन किया गया। सिनेमाघर में चार विशेष शो में 1000 से अधिक लोगों ने फिल्म देखी। फिल्म में छत्रपति संभाजी महाराज के जीवन और पराक्रम को दिखाया गया है। मंच के अध्यक्ष नीलम सतीश पंवार ने कहा कि यह फिल्म सिर्फ मराठा समाज के लिए ही नहीं, बल्कि हर भारतीय के लिए प्रेरणादायक है। उन्होंने कहा कि युवा पीढ़ी को अपने वीर योद्धाओं के समर्पण, शक्ति और साहस से परिचित होना चाहिए। यह फिल्म दिखाती है कि मुगलों से आजादी पाने के लिए कितनी यातनाएं सहनी पड़ीं। कार्यक्रम में मातृशक्तियों, युवाओं और बच्चों ने बड़ी संख्या में हिस्सा लिया। फिल्म के कई दृश्यों को देखकर मातृशक्तियां भावुक हो गईं। मंच ने समस्त हिंदू समाज से फिल्म देखने का आग्रह किया है। साथ ही मध्यप्रदेश सहित पूरे देश में इस फिल्म को टैक्स फ्री करने की मांग की है।


