भास्कर न्यूज| जालंधर जालंधर से लुधियाना की तरफ जा रहा ब्रेड से भरा ट्रक फिल्लौर के पास अनियंत्रित हो गया और हाईवे की दूसरी तरफ डिवाइडर पार करते हुए पुली से जा टकराया और आग लग गई। इस हादसे में किसी का जानी नुकसान नहीं हुआ। घटना की जानकारी लोगों ने कंट्रोल रूम पर सड़क सुरक्षा फोर्स की टीम को दी। जिन्होंने मौके पर पहुंच कर फायर ब्रिगेड को सूचित किया और क्रेन की मदद से ट्रक को सर्विस रोड से हटवाया और ट्रैफिक को चलाया। एएसआई सरबजीत सिंह ने बताया कि शनिवार सुबह 9.34 मिनट पर उन्हें सूचना मिली थी मात्र 8 मिनट पर मौके पर पहुंच गए थे। ट्रक ड्राइवर की पहचान संदीप पुत्र अनिवाश राम निवासी कपूरथला के रूप में हुई है। ड्राइवर संदीप ने बताया कि वह कपूरथला से लुधियाना की तरफ ब्रेड लेकर जा रहा था कि एक दम से रास्ते में गाड़ी से कुछ आवाज आने लगी और आग लग गई। इस दौरान गाड़ी का हैंडल भी काम नहीं कर रहा था और गाड़ी डिवाइडर पार करके दूसरी तरफ चली गई। किसी तरह से कूद कर अपनी जान बचाई। एएसआई ने बताया कि इस घटना के बारे में उन्होंने गोराया पुलिस को सूचना दे दी थी।


