जयपुर में चल रही दो अहम परियोजनाओं का जेडीसी सिद्धार्थ महाजन ने जायजा लिया। जेडीसी ने निर्माणाधीन आईपीडी टावर और रामबाग गोल्फ क्लब पार्किंग का निरीक्षण कर कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को बचा हुआ काम जल्द पूरा करने के निर्देश दिए। निरीक्षण में मंगलवार को आईपीडी टावर के ढांचागत कार्य पूरे होने और आंतरिक कार्यों में देरी पर विशेष जोर दिया। साथ ही उन्होंने कार्डियोलॉजी सेंटर का भी निरीक्षण किया। जहां लंबित कार्य देख जेडीसी ने नाराजगी जाहिर करते हुए उसे जल्द पूरा करने के आदेश दिए। निरीक्षण के दौरान जेडीए अधिकारियों ने जेडीसी को बताया- आईपीडी टावर का ढांचागत निर्माण कार्य लगभग पूरा हो चुका है। इस पर जेडीसी ने इंटीरियर और फिनिशिंग काम के लिए स्पष्ट टाइमलाइन तय कर तेजी से काम पूरा करने पर जोर दिया। आईपीडी टावर में होंगे 1200 बेड, 20 ऑपरेशन थिएटर
जयपुर विकास प्राधिकरण द्वारा बनाए जा रहे आईपीडी टावर में अत्याधुनिक चिकित्सा सुविधाएं विकसित की जा रही हैं। परियोजना के पूर्ण होने पर यहां 1200 बेड, 20 ऑपरेशन थिएटर और 100 ओपीडी काउंटर की सुविधा उपलब्ध होगी। भूमिगत पार्किंग का भी जायजा लिया
जेडीसी सिद्धार्थ महाजन ने निरीक्षण के दौरान रामबाग गोल्फ क्लब के मौजूदा पार्किंग क्षेत्र में बनाई जा रही दोस्तरीय भूमिगत पार्किंग का भी जायजा लिया। जहां करीब 9000 वर्गमीटर क्षेत्र में बनी इस पार्किंग में लगभग 500 चौपहिया और 250 दोपहिया वाहनों की क्षमता होगी। पार्किंग से राजस्थान उच्च न्यायालय के गेट नंबर-2 तक पैदल यात्रियों के लिए सबवे का निर्माण भी किया गया है। पार्किंग के प्रथम तल पर 237 चौपहिया और 190 दोपहिया, जबकि द्वितीय तल पर 274 चौपहिया वाहनों की व्यवस्था होगी। साथ ही यहां 7 लिफ्ट, स्मार्ट पार्किंग सिस्टम, फायर फाइटिंग और फोर्स वेंटिलेशन जैसी आधुनिक सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जा रही हैं।


