भारत में आयोजित ऐतिहासिक मैसी GOAT टूर के दौरान जयपुर के होनहार युवा फुटबॉलर अव्यान धोका ने इंटरनेशनल प्लेयर लियोनेल मैसी के साथ मुम्बई में मुलाकात की। ग्रासरूट पहल गिविंग गोल के तहत अव्यान धोका को अंतरराष्ट्रीय स्तर के फुटबॉल दिग्गजों के साथ मैदान साझा करने का दुर्लभ अवसर मिला। गिविंग गोल का उद्देश्य वंचित बच्चों को खेल के जरिए सशक्त बनाना है। इस पहल के तहत अव्यान को न केवल मैच देखने, बल्कि मैदान पर उतरकर विश्व फुटबॉल के महान सितारों से मिलने और संवाद करने का अवसर भी मिला। मैसी GOAT टूर के दौरान अव्यान धोका ने लियोनेल मैसी, लुइस सुआरेज और रोड्रिगो डी पॉल जैसे दिग्गज खिलाड़ियों से मुलाकात की। यह पल अव्यान के लिए किसी सपने के सच होने जैसा रहा। कम उम्र में इस तरह का अनुभव उनके आत्मविश्वास और खेल के प्रति समर्पण को नई दिशा देने वाला साबित हुआ। इस सामाजिक पहल को महाराष्ट्र सरकार का भी सहयोग प्राप्त है, वहीं बॉलीवुड अभिनेता टाइगर श्रॉफ गिविंग गोल के एंबेसडर के रूप में बच्चों के साथ खड़े नजर आए। उनकी मौजूदगी से इस मुहिम को नई ऊर्जा और पहचान मिली। गिविंग गोल के अंतर्गत जरूरतमंद बच्चों को फुटबॉल स्टड्स उपलब्ध कराए जाते हैं, ताकि वे सही मैदान और सही संसाधनों के साथ खेल सकें। कार्यक्रम में मौजूद अतिथियों ने शू लाइब्रेरी पहल की सराहना करने के साथ-साथ अव्यान धोका, भारत राज राणा और रुद्रांश पलावट जैसे बच्चों की मेहनत, अनुशासन और जुनून को भी सराहा गया।


