भास्कर न्यूज | जामताड़ा विश्व यक्ष्मा दिवस के अवसर पर करमाटांड़ प्रखंड के जसाईडीह ग्राम में एक फुटबॉल टूर्नामेंट का आयोजन किया गया। इस अवसर पर जिला यक्ष्मा पदाधिकारी डॉ डीसी मुंशी ने उपस्थित खिलाड़ियों को टीबी के कारण, लक्षण, उपचार और सरकार द्वारा उपलब्ध सुविधाओं की विस्तृत जानकारी दी। टीबी रोकथाम और सरकारी सहायता की जानकारी डॉ. मुंशी ने बताया कि टीबी संक्रमण कैसे फैलता है, इसका सही उपचार क्या है, और इसे पूरी तरह ठीक किया जा सकता है। उन्होंने यह भी बताया कि सरकार टीबी मरीजों की जांच, दवा और इलाज मुफ्त में उपलब्ध कराती है। इसके अलावे, इलाज के दौरान पोषण सहायता के रूप में प्रत्येक मरीज को 1000 की आर्थिक सहायता भी दी जाती है। सभी खिलाड़ियों को जागरूक करते हुए यह संदेश दिया गया कि यदि उनके आसपास कोई व्यक्ति टीबी के लक्षणों से ग्रसित हो तो उसे तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र भेजें और उसका जांच व उपचार सुनिश्चित कराएं। उन्होंने जामताड़ा को टीबी मुक्त बनाने में सहयोग करने की अपील भी की। इस अवसर पर यक्षमकर्मी आशिष कुमार चौबे और संजीत कुमार पाल भी उपस्थित रहे।


