भास्कर न्यूज | बैकुंठपुर जिला मुख्यालय के समीपस्थ ग्राम सागरपुर में लाल बाबू राजवाड़े की स्मृति में आयोजित फुटबॉल प्रतियोगिता का समापन रविवार को हुआ। रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों और खेल के रोमांच के बीच आयोजित इस समापन समारोह में आनी की टीम ने खिताबी जीत दर्ज की। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि विधायक भइया लाल राजवाड़े रहे। प्रतियोगिता का महामुकाबला फूलपुर और आनी के बीच खेला गया। दोनों टीमों के बीच खेल इतना संघर्षपूर्ण रहा कि निर्धारित समय तक कोई भी टीम गोल करने में सफल नहीं हो सकी। मैच का फैसला पेनाल्टी शूटआउट के जरिए लिया गया, जिसमें आनी की टीम ने 5-4 के अंतर से जीत हासिल की। विधायक भइया लाल राजवाड़े ने विजेता टीम (आनी) को 20,000 रुपए व ट्रॉफी भेंट की। वहीं, उपविजेता टीम (फूलपुर) को 15,000 रुपए और ट्रॉफी देकर सम्मानित किया गया। 20 जनवरी से शुरू हुई इस प्रतियोगिता में जिले भर की 20 टीमों ने अपना दमखम दिखाया। मैन ऑफ द सीरीज का पुरस्कार राहुल (फूलपुर) को दिया गया। वहीं, मैन ऑफ द डिफेंस रूवेल (आनी), मैन ऑफ द मैच फलेंद (आनी), बेस्ट गोलकीपर फलेंद (आनी) और उभरता स्टार खिलाड़ी पप्पू राजवाड़े (सागरपुर) को पुरस्कृत किया गया।


