आलीराजपुर में कठ्ठीवाड़ा के गर्ल्स हॉस्टल में 23 सितंबर को फूड पॉइजनिंग के बाद अस्पताल से छुट्टी मिलने पर जब छात्राएं सोमवार को हॉस्टल लौटीं, तो उन्हें प्रवेश नहीं दिया गया। हॉस्टल का गेट बंद और ताला लगा मिला, जिसके बाद जोबट विधायक सेना महेश पटेल ने कार्रवाई की मांग की है। मौके पर मौजूद बीईओ ने पालकों की बच्चियों को ठहराने की मांग को खारिज करते हुए उन्हें घर ले जाने को कहा। हॉस्टल की वार्डन भी मौके पर अनुपस्थित थीं, जिससे छात्राओं और उनके अभिभावकों को परेशानी का सामना करना पड़ा। विधायक छात्राओं को परिजन से मिली घटना की जानकारी मिलते ही जोबट विधायक सेना महेश पटेल ने पीड़ित छात्राओं और उनके पालकों से मुलाकात कर पूरी जानकारी ली। इसके बाद पालक और छात्राएं अलीराजपुर पहुंचे, जहां विधायक पटेल ने एसडीएम तापीस पांडे से मिलकर उन्हें घटना से अवगत कराया और तत्काल कार्रवाई की मांग की। विधायक सेना महेश पटेल ने इस घटना को गंभीर लापरवाही बताया। उन्होंने बीईओ पर सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए कहा कि प्रशासन को बेटियों की सुरक्षा और सम्मान से कोई समझौता नहीं करना चाहिए। विधायक ने बच्चियों के लिए सुरक्षित और स्वच्छ हॉस्टल में रहने-खाने की तत्काल व्यवस्था करने और दोषी अधिकारियों के खिलाफ निलंबन और जांच की कार्रवाई करने की मांग की। विधायक ने कहा कि यह घटना शिक्षा विभाग की उदासीनता और गैरजिम्मेदारी का प्रतीक है।


