लुधियाना| प्राचीन गौशाला डिवीजन नंबर 3 के समीप रविवार को श्री राधा रानी परिवार द्वारा आयोजित एक शाम बुआ-बाबा जी एवं ठाकुर जी के नाम विशाल होली महोत्सव का आयोजन किया गया। फूलों की होली और भजनों की अमृत वर्षा ने श्रद्धालुओं को भाव-विभोर कर दिया। मथुरा-वृंदावन से विशेष रूप से पधारे भजन गायक कन्हैया बृजवासी ने कार्यक्रम की अध्यक्षता की। शाम 6 बजे से ही पंडाल में भक्ति का प्रवाह शुरू हो गया। रोहित शर्मा, भैया सतीश और माधव प्रेमी जैसे कलाकारों ने जब बुआ-बाबा की महिमा का गुणगान किया तो पूरा वातावरण जय बुआ दी और जय बावे दी के जयकारों से गुंजायमान हो उठा। विशेष रूप से जब होली खेल रहे बांके बिहारी और आज बिरज में होली रे रसिया जैसे पारंपरिक भजन गाए गए तो श्रद्धालु खुद को थिरकने से रोक नहीं पाए। समागम का मुख्य आकर्षण फूलों की होली और महारस रहा। मंच का सफल संचालन सुरिंदर बावा ने किया। आयोजकों ने बताया कि श्री धाम वृंदावन के परिक्रमा मार्ग पर श्री वैष्णो शक्ति बुआ-बाबा मंदिर एवं गौशाला का निर्माण कार्य तीव्र गति से चल रहा है। समागम में यदुनंदाचार्य, गो. श्याम लाल और महंत रसिक बिहारी सहित कई संतों ने उपस्थित होकर भक्तों को अपना आशीर्वाद दिया। समाज सेवा में अग्रणी रहने वाले शिव पालनहार सेवा संघ के सदस्यों को उनकी उत्कृष्ट सेवाओं के लिए विशेष रूप से सम्मानित किया गया।


