राजधानी रायपुर के निजी फॅार्म हाउस में लेटनाइट पार्टी का आयोजन करके संदिग्ध गतिविधियों को अंजाम देने वाले कारोबारियों पर पुलिस ने सख्ती करना शुरू कर दिया है। रविवार देर रात वीआईपी रोड स्थित निजी फॉर्म हाउस में हुक्का-शराब पार्टी कर रहे युवकों को पकड़ा है। फॅार्म हाउस संचालक से पुलिस पूछताछ कर रही है। हिरासत में लिए गए युवक का नाम हरजीत सिंह बताया जा रहा है। पुलिस पूरे मामले का खुलासा जल्द करेगी। तेलीबांधा पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार वीआईपी रोड स्थित एक निजी फॉर्म में छापेमारी कर नशे की पार्टी का भंडाफोड़ किया। पुलिस को जानकारी मिली थी कि यहां नशे के सेवन और खुलेआम शराब-हुक्का पार्टी का आयोजन हो रहा था। पुलिस की रेड के दौरान वहां मौजूद लोग नशे में धुत्त पाए गए। पार्टी में शामिल लोग छत्तीसगढ़ और दूसरे राज्यों के थे। पुलिस ने फॉर्म से विदेशी शराब की बोतलें और बड़ी संख्या में हुक्का पॉट जब्त किए हैं। रेड मारने वाले अफसरों ने नशीली सामग्रियों के सेवन की आशंका भी जताई है। पूरे मामले में विवेचना अधिकारी पार्टी का आयोजन कराने वाले युवकों से पूछताछ कर रहे है। युवकों के गिरफ्तारी की अधिकृत पुष्टि तेलीबांधा पुलिस ने अभी नहीं की है। ड्रग्स-न्यूड पार्टियों का कल्चर बढ़ा राजधानी में राजधानी रायपुर के आउटर इलाकों में स्थित फॉर्म हाउस में शराब, ड्रग्स और न्यूड पार्टी का कल्चर बढ़ा है। बीते दिनों रायपुर पुलिस के अधिकारियों ने इस पर कार्रवाई भी की है। रायपुर पुलिस के अधिकारियों का कहना है, कि नियम तोड़कर संदिग्ध पार्टियां आयोजित करवाने वाले इवेंट्स कारोबारी और उन्हें फॉर्म किराए पर देने वाले संचालकों पर भी कार्रवाई की जाएगी।


