जोधपुर संभाग के 6 जिलों से शामिल हुए फोटोग्राफर भास्कर न्यूज | जालोर शहर के सामतीपुरा रोड पर स्थित एक निजी गार्डन में रविवार को फोटोग्राफर एसोसिएशन जालोर की ओर से फोटोग्राफर स्नेह मिलन व सम्मान समारोह का आयोजन किया। जोधपुर संभाग के 6 जिलों से बड़ी संख्या में फोटोग्राफर शामिल हुए। सभी का एसोसिएशन की ओर से साफा व मोमेंटो देकर सम्मानित किया। एसोसिएशन के मीडिया प्रभारी हुकमीचंद सोलंकी ने बताया कि कार्यक्रम में जालोर, जोधपुर, पाली, सिरोही, सांचौर व बालोतरा के फोटोग्राफरों का अभिनंदन किया। इसके बाद जोधपुर संभाग के 6 जिलो से आए वरिष्ठ फोटोग्राफरों ने कार्यक्रम को संबोधित कर सभी का उत्साहवर्धन किया। कार्यक्रम के भव्य आयोजन और उसकी सफलता को लेकर बाहर से आए सभी फोटोग्राफर एसोसिएशन ने सराहना करते हुए ऐसे आयोजनों की महत्ता बताई। 60 वर्ष से ऊपर के सीनियर फोटोग्राफर्स ने मंच से अपने अनुभव साझा किए। सिरोही से आए वरिष्ठ फोटोग्राफर हीरालाल राव ने कहा कि फोटोग्राफर एक ऐसा व्यक्ति है जो सभी लोगों की जिंदगी के पलों को सुंदरता से सहेज कर यादगार बनाता है। चाहे आदमी किसी भी परिस्थिति में क्यों ने हो लेकिन उसको मुस्कुराने का कहकर ही क्लिक करता है। यही फोटोग्राफर की खूबी और उसका पॉजीटिव नेचर होता है। कार्यक्रम में सहयोग देने वाले सभी भामाशाहों का माला, साफा व मोमेंटो देकर अभिनंदन किया। मंच संचालन अंबिका प्रसाद तिवारी और नरपत आर्य ने किया। कार्यक्रम के बाद हितेश चौधरी, अल्ताफ खान और ललित चौधरी की ओर से स्नेह भोज का आयोजन किया। कार्यक्रम में शिवगंज फोटोग्राफर एसोसिएशन ने आयोजन के लिए जालोर फोटोग्राफर एसोसिएशन के पदाधिकारियों का माला पहनाकर आभार जताया। जालोर अध्यक्ष राजेन्द्र कुमार सोलंकी, जोधपुर अध्यक्ष मुकेश कच्छवाह, पाली जयपाल परिहारिया, सिरोही अध्यक्ष प्रवीणसिंह सोलंकी, सांचौर अध्यक्ष दीपक जीवनानी व बालोतरा अध्यक्ष पिन्टू आर. खारवाल समेत जालोर एसोसिएशन संरक्षक शिव कुमार सैनी, मोहम्मद ईशाक, मंगल परमार, उपाध्यक्ष उजीर सिलावट, कोषाध्यक्ष बंशीलाल राव, सचिव मुकुंद सोलंकी, पूर्व अध्यक्ष जालम गुर्जर, शहजाद खान, रमेश सैन, लालाराम चौधरी सहित बड़ी संख्या में फोटोग्राफर मौजूद रहे।


