फोटो में सिंधिया पीछे, कांग्रेस बोली- ढूंढो, महाराज कहां हैं:कांग्रेस ने मंत्री विजय शाह को किया गिरफ्तार; ठेले पर शराब की होम डिलीवरी

मध्य प्रदेश की राजनीति, नौकरशाही और अन्य घटनाओं पर चुटीली और खरी बात का वीडियो (VIDEO) देखने के लिए ऊपर क्लिक करें। इन खबरों को आप पढ़ भी सकते हैं। ‘बात खरी है’ मंगलवार से रविवार तक हर सुबह 6 बजे से दैनिक भास्कर एप पर मिलेगा। फोटो में पीछे खड़े दिखे सिंधिया, कांग्रेस ने किया तंज
करीब महीनेभर पहले ग्वालियर आए केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने ज्योतिरादित्य सिंधिया को मंच से ‘राजा साहब’ कहकर संबोधित किया था। अब वही ज्योतिरादित्य सिंधिया भाजपा नेताओं के फोटो सेशन में पीछे खड़े नजर आए तो कांग्रेस ने तंज किया है। दरअसल, भाजपा के नए राष्ट्रीय अध्यक्ष के चुनाव की प्रक्रिया के तहत मध्य प्रदेश के 20 नेता प्रस्तावक की भूमिका में दिल्ली पहुंचे थे। इस मौके पर सभी नेताओं का एक साथ फोटो सेशन भी हुआ। जब ये तस्वीरें सामने आईं, तो उनमें ज्योतिरादित्य सिंधिया बाकी नेताओं की तुलना में कुछ पीछे खड़े नजर आए। कांग्रेस ने ये फोटो सोशल मीडिया पर शेयर किया और लिखा- नजर आना जरूरी है। जरा ढूंढिए, इस तस्वीर में महाराज भी हैं क्या? अब यह महज एक फोटो का एंगल है या इसके पीछे कोई सियासी संदेश, इसे लेकर चर्चाओं का बाजार गर्म है। कांग्रेस का प्रदर्शन, मंत्री शाह की सांकेतिक गिरफ्तारी
कांग्रेस ने मंत्री विजय शाह के खिलाफ अनोखे अंदाज में प्रदर्शन किया। पार्टी नेताओं ने विजय शाह का मुखौटा लगाए एक कार्यकर्ता को हथकड़ी लगाई और उसे सांकेतिक रूप से जेल पहुंचाया। हालांकि, यह पूरा मामला सांकेतिक प्रदर्शन था, लेकिन इसकी प्रस्तुति ने सबका ध्यान खींच लिया। इसी दौरान प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने भाजपा पर हमला बोलते हुए कहा कि कोर्ट ने साफ कहा है कि इन पर मुकदमा चलाया जाए, इसके बावजूद भाजपा के कान पर जूं तक नहीं रेंग रही है। अब मंत्री विजय शाह का इस्तीफा कब होगा या उनकी गिरफ्तारी कब होगी और ऐसा होगा भी या नहीं, इसका जवाब फिलहाल किसी के पास नहीं है। लेकिन इतना जरूर है कि इस अनोखे प्रदर्शन ने सुर्खियां जरूर बटोर ली है। शराब की अवैध बिक्री पर कांग्रेस का अनोखा प्रदर्शन
देवास में उस वक्त लोग हैरान रह गए, जब एक ठेले पर खुलेआम शराब की बोतलें सजी नजर आईं। ठेले पर एक बैनर टंगा था। जिस पर लिखा- शराब की होम डिलीवरी चालू है। सौजन्य से – आबकारी विभाग देवास। दरअसल, देवास में शराब की अवैध बिक्री के खिलाफ कांग्रेस ने अनोखा और सांकेतिक विरोध प्रदर्शन किया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने शासन-प्रशासन पर तंज किया और लोगों को इस बारे में बताया। राह चलते लोग रुक-रुककर इस प्रदर्शन को देखते रहे और चर्चा करने लगे। ठेले, बोतलों और बैनर के जरिए यह दिखाने की कोशिश की गई कि शहर में अवैध शराब की बिक्री किस कदर खुलेआम चल रही है। भाजपा विधायक ने कांग्रेस विधायक को कहा टकला
शिवपुरी के पिछोर से भाजपा विधायक प्रीतम लोधी ने कांग्रेस विधायक फूल सिंह बरैया और पूर्व विधायक केपी सिंह कक्का का नाम लिए बिना उन्हें ‘टकला’ कहा है। प्रीतम लोधी ने आरोप लगाया कि दोनों नेता ‘लाड़ली बहनों’ के लिए अभद्र शब्दों का इस्तेमाल करते हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि ‘लाड़ली बहनों’ पर की जा रही छींटाकशी बंद होनी चाहिए। अगर ऐसा नहीं हुआ, तो वे ‘लाड़ली बहनों’ को सशक्त करेंगे, ताकि वे अच्छे जूते-चप्पल खरीदकर ऐसे लोगों का ‘स्वागत’ कर सकें। उन्होंने आगे कहा कि अगर इन नेताओं ने ‘लाड़ली बहनों’ पर टिप्पणी करना जारी रखा और किसी सार्वजनिक कार्यक्रम में शामिल हुए, तो उनके कार्यकर्ता जूते-चप्पल और अंडों से उनका ‘स्वागत’ करेंगे। इनपुट सहयोग – विजय सिंह बघेल (भोपाल), अशोक पटेल (देवास), कपिल मिश्रा (शिवपुरी) ये भी पढ़ें –
धीरेंद्र शास्त्री से अर्जी- हनुमान जी को बुलाओ, मिलना है: ये मुख्यमंत्री बनेगा.. ऐसा सुनकर शरमाए जीतू पटवारी पंडित धीरेंद्र शास्त्री के मंच पर एक बच्चे ने उनसे पूछ लिया कि आपके पास हनुमान जी रहते हैं? तो पंडित शास्त्री ने मुस्कुराते हुए कहा- हां। इस पर बच्चे ने तुरंत कहा- तो उन्हें बुलाकर लाइए, मुझे उनसे मिलना है। बच्चे की इस मासूम और बेबाक बात पर पंडाल ठहाकों से गूंज उठा। पूरी खबर पढ़ें

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *