होटल मैनेजमेंट के फाइनल ईयर के स्टूडेंट का फोन छीनने पर पार्किंग में विवाद हो गया। इसके बाद एक छात्र ने दूसरे पर चाकू से कॉलेज में ही हमला कर दिया। ये घटना फिरोजपुर रोड पर स्थित पीसीटीई कॉलेज कैंपस बद्दोवाल में मंगलवार शाम को हुई है। घटना में घायल छात्र की पहचान लविश साही (20) पुत्र उमेश साही वासी कैलाश चौक के रूप में हुई है। हमले के बाद तुरंत घायल लविश को दीपक अस्पताल में भर्ती करवाया गया। वहीं हमला करने वाले युवकों को वहीं पर ही पकड़ कर कॉलेज प्रबंधकों ने अपने पास बैठा लिया। मामले में घायल लविश ने बताया, वह कॉलेज में होटल मैनेजमेंट का कोर्स कर रहा है। वह फाइनल ईयर का स्टूडेंट है। उसका एक सहपाठी उसे काफी परेशान कर रहा था, उसे कई बार मना किया, जिसके बाद पार्किंग में भी उसके साथ विवाद करने लगा। जिसके बाद उसने चाकू से उसकी पीठ पर हमला कर दिया। कॉलेज स्टाफ ने आरोपी को पकड़ा, पिता छुड़ा ले गया वहीं लविश के पिता उमेश ने बताया कि कॉलेज में आरोपी युवक ने उनके बेटे का फोन छीन लिया था। इसके बाद वह उसे परेशान करने लगा। जब उनका बेटा घर वापस आने लगा तो पार्किंग में फिर बेटे के साथ उसने झगड़ा किया और उसकी पीठ में चाकू घोंप दिया। आरोपी को पहले कॉलेज के स्टाफ ने काबू कर लिया था। लेकिन बाद में उसका पिता उसे छुड़ाकर ले गया। पीड़ित परिवार ने प्रशासन से बच्चे के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की है। थाना सदर के प्रभारी अवतार सिंह ने कहा कि इस मामले में शिकायत मिल चुकी है। पता लगाया जा रहा है कि उक्त कॉलेज हमारी हद में पड़ता है या थाना दाखा के अधीन पड़ता है। हदबंदी का पता चलते ही कार्रवाई कर दी जाएगी।


