फोन बेचने गया और हो गया चोरी का खुलासा:5 दुकानों के ताले चटकाने वाले 100 सीसीटीवी फुटेज खंगालने के बाद गिरफ्त में आए

मंदसौर जिले की अफजलपुर पुलिस ने शनिवार को एक चोरी का 36 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया। पुलिस ने इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है और उनके पास से चोरी के 4 मोबाइल फोन तथा नकदी सहित कुल 1 लाख रुपए का सामान बरामद किया है। 10 दिसंबर 2025 की दरम्यानी रात को ग्राम डीगांवमाली में अज्ञात बदमाशों ने 5 से अधिक दुकानों के ताले तोड़ने का प्रयास किया था। इस दौरान एक मोबाइल फोन की दुकान का ताला तोड़कर चार मोबाइल फोन और नकदी सहित कुल 1 लाख रुपए की चोरी की गई थी। घटना की सूचना मिलते ही अफजलपुर पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए दो विशेष टीमें गठित कीं। जांच के दौरान साइबर सेल की मदद ली गई और 100 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई। पुलिस ने कई संदिग्ध व्यक्तियों से गहन पूछताछ भी की। जांच के दौरान बाबरेचा निवासी मुकेश मीणा को संदिग्ध पाया गया। उससे सख्ती से पूछताछ करने पर उसने चोरी किए गए मोबाइल फोन बाबरेचा निवासी शिवा मीणा को बेचना स्वीकार किया। इस जानकारी के आधार पर पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। अफजलपुर थाना प्रभारी शैलेंद्र सिंह कनेश ने बताया पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से चार वीवो कंपनी के मोबाइल फोन और नकदी सहित कुल 1 लाख रुपए का चोरी का सामान जब्त किया है। इस मामले में आगे की जांच जारी है। गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान शिवा पिता रमेश मीणा (30 वर्ष, निवासी बाबरेचा, थाना दलौदा) और मुकेश पिता रमेश मीणा (21 वर्ष, निवासी बाबरेचा, थाना दलौदा) के रूप में हुई।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *