रतलाम में फोरलेन पर लापरवाही पूर्वक सड़क किनारे खड़े ट्रक में स्कूटी सवार 20 वर्षीय युवक पीछे से टकरा गया। युवक ने हेलमेट भी लगा रखा था, वह खुलकर दूर जा गिरा। सिर में चोट आने से मौके पर ही मौत हो गई। घटना में ट्रक चालक की लापरवाही सामने आई है। घटना गुरुवार सुबह करीब 7.40 बजे रतलाम-इंदौर फोरलेन के धराड़ के पुल के आगे की है। मृतक का नाम हर्ष (20) पिता चैनसिंह गुर्जर निवासी डोंगरेधाम कॉलोनी है। हर्ष सुबह अपनी ई-बाइक स्कूटी क्रमांक एमपी 43 जेडएल 0536 से बिलपांक में अपनी दुकान जा रहा था। धराड़ क्रॉस करने के बाद पुलिस चौकी के पहले ट्रक क्रमांक एमपी 04 जीए 6587 रोड के सड़के किनारे ले बाय लाइन से सट कर खड़ा था। हर्ष ट्रक के रोड की तरफ ट्रक के कौने से पीछे से ट्रक में घुस गया। घटना में स्कूटी पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई। घटना की सूचना मिलने पर बिलपांक थाना पुलिस पहुंची। एंबुलेंस से शव को रतलाम मेडिकल कॉलेज भेजा। पीएम कर शव परिजनों को सौंपा। 20 युवक की मौत के बाद परिजनों को रो-रोकर बुरा हाल है। कोहरे से हादसे की संभावना
गुरुवार सुबह कोहरा भी था। संभावना जताई जा रही है कि कोहरे के कारण युवक को दूर से ट्रक दिखा नहीं होगा। पास में आने पर उसने बचने की कोशिश की होगी, इसी दौरान वह ट्रक में जा घुसा। इसके अलावा यह भी संभावना जताई जा रही है कि सुबह ठंड तेज थी। युवक ने हेलमेट लगा रखा था कि संभवत नींद की झपकी आने से हादसा हो सकता है। फिलहाल पुलिस घटना की जांच कर रही है। ट्रक चालक की लापरवाही ट्रक में टेंट का सामान रखा था। जिसमें बड़े डोम के एंगल रखे हुए थे जो कि ट्रक से बाहर निकले हुए थे। घटना में प्राथमिक जांच में ट्रक चालक की लापरवाही सामने आ रही है। चालू रोड के किनारे से रोड पर ट्रक खड़ा कर रखा था। ट्रक पर किसी भी प्रकार के सुरक्षा की दृष्टि से रेडियम नहीं लगा रखे थे, ताकि दूर से पता चल सके कि कोई वाहन खड़ा है। बिलपांक थाना प्रभारी अयुब खान ने बताया कि ट्रक को जब्ती में ले लिया है। ट्रक चालक की तलाश की जा रही है। केस दर्ज किया जा रहा है।


