लातेहार के सदर थाना क्षेत्र के किनामाड़ के सीटी हॉस्पिटल के पास रहने वाले अविनाश पांडेय के बंद घर में गुरुवार की रात्रि अज्ञात चोरों ने चोरी की घटना को अंजाम दिया है। अविनाश ने बताया कि दो दिन पहले बुधवार को अपने पैतृक घर गए थे। शुक्रवार की शाम करीब तीन बजे घर लौटे तो देखा कि घर का मुख्य दरवाजा का ताला टूटा हुआ था। घर के अंदर घुसे तो सारा सामान बिखरा पड़ा हुआ था। अलमारी व ट्रंक से कीमती जेवर, बर्तन और अन्य सामान गायब थे। उन्होंने बताया कि चोरों ने पूजा सामग्री तक को नहीं छोड़ा है। उन्होंने बताया कि चोरों ने करीब चार लाख रुपए की कीमती सामान चोरी कर ले गए। परिजनों ने चोरी की घटना की जानकारी सदर थाना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही प्रभारी थाना प्रभारी सुरेंद्र कुमार महतो दलबल के साथ घटनास्थल पहुंचे और चोरी वाली स्थल की जांच की। उन्होंने कहा कि चोरी की घटना को अंजाम दिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। जल्द ही इस मामले का खुलासा किया जाएगा।


