बंधा तालाब की सफाई हुई शुरू, कलेक्टर विधायक व जनप्रतिनिधियों ने श्रमदान किया

भास्कर न्यूज | कोंडागांव शहर की पहचान माने जाने वाले बंधा तालाब को स्वच्छ, सुंदर और जलकुंभी मुक्त बनाने की दिशा में नगर पालिका परिषद द्वारा सोमवार को व्यापक सफाई अभियान की शुरुआत की गई। इस अभियान में बस्तर विकास प्राधिकरण की उपाध्यक्ष एवं विधायक लता उसेंडी तथा कलेक्टर नुपूर राशि पन्ना ने स्वयं मौके पर पहुंचकर स्थानीय जनप्रतिनिधियों के साथ श्रमदान किया। सफाई अभियान के दौरान विधायक ने कहा कि बंधा तालाब शहर की धरोहर है और इसे संरक्षित रखना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने बताया कि तालाब में फैली जलकुंभी को पूरी तरह हटाने तथा जलस्रोत को स्वच्छ बनाए रखने के लिए चरणबद्ध कार्ययोजना तैयार की गई है, जिसके अंतर्गत यह अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने नगरवासियों से भी आगे आकर इस अभियान में सक्रिय सहभागिता निभाने की अपील की। इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष रीता शोरी, नगर पालिका परिषद अध्यक्ष नरपति पटेल, उपाध्यक्ष जसकेतु उसेंडी, दीपेश अरोरा, मनोज जैन, सोनामणि पोयाम, लक्ष्मी ध्रुव सहित अन्य स्थानीय जनप्रतिनिधिगण उपस्थित रहे। नगर पालिका के अधिकारी- कर्मचारी, सफाईकर्मी एवं बड़ी संख्या में नागरिकों ने भी श्रमदान कर अभियान को सफल बनाने में योगदान दिया। नगर वासियों में दिखा उत्साह : नगरवासियों में इस पहल को लेकर सकारात्मक उत्साह देखा गया और उम्मीद जताई जा रही है कि बंधा तालाब शीघ्र ही अपने पुराने स्वरूप में लौटेगा और शहर के लिए एक स्वच्छ एवं सुंदर जलस्रोत के रूप में स्थापित होगा।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *