झारखंड प्रदेश सीएनजी ऑटो चालक महासंघ ने बगैर सबूत ऑटो चालकों को किसी मामले से जोड़ने पर आपत्ति जताई है। साथ ही, आगे ऐसा न करने की अपील की है। संघ के प्रदेश अध्यक्ष दिनेश सोनी की अध्यक्षता में गुरुवार को हुई ऑटो चालकों की बैठक में ये बातें कही गईं। बैठक में ऑटो चालकों ने कहा है कि हिंदपीढ़ी की दो लड़की लापता हुई थी। उस मामले में ऑटो चालक राजू साहू का नाम आ रहा था। कहा जा रहा था कि राजू ही लड़कियों को लेकर भागा है, इससे आम लोगों की तरह ऑटो मालिकों ने भी ऑटो चालकों को गलत समझा। सोनी ने जिला प्रशासन, मीडिया और आम लोगों से अपील की कि बिना कोई जांच और सबूत के किसी भी व्यक्ति का नाम गलत तरीके से सोशल मीडिया या मेन मीडिया में न फैलाया जाए। पहले सही से जांच की जाए, उसके बाद दोषी पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि शहर के सभी यात्रियों व माता-बहनों से अनुरोध है कि किसी भी वक्त अकेले ऑटो में बैठकर स्कूल, कॉलेज, हॉस्पिटल या अन्य काम के लिए आप जाते हैं, तो कम से कम ऑटो चालक को देख लें, ताकि आपको पता चल सके कि आप किस ऑटो में किसके साथ बैठे हैं। अगर, ऐसे ही गलत तरीके से ऑटो चालकों को बदनाम किया जाएगा, तो वे अपने परिवार का पालन-पोषण नहीं कर पाएंगे। ऑटो चालक व रिक्शा चालकों का भी परिवार है। राजू साहू ने गुरुवार को महासंघ के प्रदेश कार्यालय में आकर अपना बयान दिया। कहा- ऑटो के साथ मेरा जो फोटो वायरल किया गया था, उस ऑटो को मैंने डेढ़ साल पहले ही छोड़ दिया था।


