बगोदर|शक्ति की अधिष्ठात्री देवी मां दुर्गा की पूजा-अर्चना सोमवार से कलश स्थापना के साथ प्रारंभ हो रही है। नवरात्र को लेकर बगोदर प्रखंड सहित आसपास के क्षेत्रों में तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। स्थानीय मंदिरों और पूजा पंडालों में नवरात्र का शुभारंभ पंडितों द्वारा मंत्रोच्चारण और वैदिक विधि से होगा। नवरात्र के नौ दिनों तक मां दुर्गा की आराधना दुर्गा सप्तशती पाठ और भक्ति आयोजनों के माध्यम से की जाएगी। इस दौरान श्रद्धालुओं के लिए विशेष मेले का भी आयोजन किया जाएगा। बगोदर बाजार स्थित श्री शक्ति दुर्गा मंदिर सहित अटका, औरा समेत कुल 8 स्थलों पर दुर्गा प्रतिमा स्थापित की जाएगी। सभी पूजा समितियां आयोजन को भव्य और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने की तैयारी में जुटी हैं। वहीं, पुलिस प्रशासन की ओर से भी सुरक्षा व्यवस्था को लेकर तैयारी की जा रही है ताकि नवरात्र और मेला शांतिपूर्ण तरीके से सम्पन्न हो सके। अधिकारियों की टीम लगातार निगरानी में लगी हुई है।


