मणिपुर के इंफाल में तैनात सीआरपीएफ जवान कौलेश्वर रविदास की मंगलवार को गिरिडीह के बगोदर में सड़क हादसे में मौत हो गई। उनकी पत्नी रेखा देवी मामूली रूप से घायल हुई हैं। मृतक की पहचान रीडीह जिले के बेंगाबाद थाना क्षेत्र के चपुआडीह निवासी कौलेश्वर रविदास के रूप में हुई है। कौलेश्वर अपनी पत्नी के साथ हजारीबाग के बरकट्ठा थाना क्षेत्र स्थित गंगपच्चो में शादी समारोह से लौट रहे थे। नेशनल हाइवे पर लक्षीबागी बीस माइल पुल के पास एक अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर से बाइक असंतुलित हो गई। हादसे में कौलेश्वर गंभीर रूप से जख्मी हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घायल जवान को बगोदर ट्रामा सेंटर पहुंचाया। चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।


