पलामू के रामगढ़ थाना क्षेत्र के बांसडीह खुर्द पंचायत के गिधोनिया गांव से सटे बघमनवा डैम में एक युवक की डूबने से मौत हो गई। मृतक की पहचान गिधोनिया गांव निवासी शंकर सिंह के 35 वर्षीय पुत्र अवधेश सिंह के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, बुधवार को अवधेश सिंह बघमनवा डैम में नहाने गया था। जब वह वापस नहीं लौटा तो परिजनों ने उसकी खोजबीन की। कहीं पता न चलने पर उन्हें आशंका हुई कि वह पानी में डूब गया है। इसके बाद मामले की सूचना पुलिस को दी गई। डैम से शव निकालने के लिए गढ़वा से विशेषज्ञ को बुलाया गया घटना की जानकारी मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। डैम से शव निकालने के लिए गढ़वा से विशेषज्ञ को बुलाया गया। लगातार प्रयास के लगभग 25 घंटे बाद गुरुवार को शव को निकाला गया। शव मिलने के बाद घटनास्थल पर आसपास के ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। रामगढ़ थाना प्रभारी ओम प्रकाश शाह ने बताया कि राज्यपाल के आगमन में उनकी ड्यूटी लगी होने के कारण घटनास्थल पर पहुंचने में विलंब हुआ। मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेजा जा रहा है।


