नाबालिग बच्चियों का अपहरण कर उनके साथ दुष्कर्म करने के आरोपी संतोष पटेल उर्फ हरि मेहरा को विशेष न्यायाधीश (पॉक्सो) कुमुदिनी पटेल ने उम्रकैद की सजा सुनाई है। आरोपी ने इंदौर में भी एक बच्ची का अपहरण कर उसके साथ दुष्कर्म किया था। इसमें इंदौर कोर्ट से उसे 20 साल की सजा हुई थी। इस मामले में शासन की ओर से विशेष लोक अभियोजक दिव्या शुक्ला और नवीन श्रीवास्तव ने पैरवी की है। घटना 25 जून 2014 की जहांगीराबाद थाना क्षेत्र की है। 11 वर्षीय नाबालिग सागर जिले की रहने वाली है। वह अपनी मां और भाई के साथ भोपाल आई थी। उसकी मां काम ढूंढने बाहर गई हुई थी। उस दौरान वह घर पर अपने भाई के साथ थी। इसी दौरान आरोपी, दोनों को मां के पास छोड़ने का बहाना करते हुए अपने साथ रायसेन लेकर गया। इसके बाद आरोपी ने पीड़िता के भाई को अलग दूसरी जगह छोड़ दिया। आरोपी ने इसके बाद नाबालिग को दोस्त घर लेकर गया। यहां उसे 4-5 दिन रखा और उसके साथ दुष्कर्म किया। इसके बाद आरोपी पीड़िता को लेकर इंदौर आ गया। भोपाल और इंदौर में आरोपी ने ऐसे दिया वारदात को अंजाम 5 साल कैद रहने के बाद बचकर भागी पीड़िता : पीड़िता ने बताया कि आरोपी ने इंदौर के घर में 5 साल तक कैद रखकर उसके साथ दुष्कर्म किया था। उसका मकान पहली मंजिल पर था। 4 नवंबर 2019 को पीड़िता ने नीचे रहने वाले कुछ लोगों को सागर जाने की बात करते हुए सुना। आरोपी इसी दौरान सामान लेने बाहर निकला था और दरवाजा खुला था। पीड़िता ने इसी का फायदा उठाया और सागर जा रहे लोगों के पीछे -पीछे चलकर बस में बैठ गई। 5 नवंबर को पीड़िता सागर स्थित अपने घर पहुंची थी। वहां उसने परिजनों को अपनी आप बीती सुनाई। इसके बाद पीड़िता ने भोपाल आकर 8 नवंबर 2019 को ही जहांगीराबाद थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। दूसरी नाबालिग को बनाया निशाना : गौरतलब है कि आरोपी संतोष पटेल उर्फ हरि मेहरा ने भोपाल से अपहरण कर लाई पीड़िता के भागने के 4 दिन बाद इंदौर में 7 साल की एक नाबालिग का अपहरण कर लिया। पीड़िता आरोपी के घर के पास रहती थी। आरोपी ने उससे दूध का पैकेट पास की दुकान से लाने के लिए कहा था। इसके बाद वह पीड़िता के पीछे- पीछे दुकान तक पहुंच गया और पीड़िता का अपहरण कर सागर लेकर आ गया। सागर में पीड़िता के साथ दुष्कर्म किया। इसके बाद पीड़िता को आरोपी कही और लेकर जा रहा था। इसी दौरान उसके ममेरे भाई-बहन गांव जाने के लिए बस स्टैंड पहुंचे थे। उन्होंने पीड़िता को अनजान आदमी के साथ देखा तो वे चौंक गए। इसके बाद उन्होंने आरोपी को पकड़कर इंदौर पुलिस के हवाले किया था। भोपाल पुलिस ने इंदौर जेल से आरोपी की गिरफ्तारी दिखाई इंदौर में पीड़िता का अपहरण कर दुष्कर्म करने के बाद पकड़े जाने पर इंदौर पुलिस ने 8 नवंबर 2019 को आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। आरोपी की तलाश के दौरान सूचना मिली कि आरोपी इंदौर सेंट्रल जेल में बंद है। इसके बाद भोपाल पुलिस ने 18 नवंबर 2019 को आरोपी की इंदौर सेंट्रल जेल से गिरफ्तारी दिखाई थी।


