कटनी शहर में तीन स्कूली छात्राओं से छेड़छाड़ के आरोप में मनीष मलिक (42 वर्ष) और उसके ई-रिक्शा को जब्त कर लिया है। यह घटना छात्राओं के स्कूल से घर लौटते समय हुई थी। परिजन की शिकायत पर पुलिस ने मंगलवार को कार्रवाई की। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, सोमवार शाम को नाबालिग बच्चियों के परिजन ने महिला थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि पहली से तीसरी कक्षा की उनकी बच्चियों को स्कूल से घर छोड़ने वाला ई-रिक्शा चालक लगातार उनके साथ गलत हरकतें कर रहा था। बच्चियां पिछले कुछ दिनों से ई-रिक्शा बदलने की बात कह रही थीं। परिजन ने जब बच्चियों से सख्ती से पूछा, तब उन्होंने बताया कि ई-रिक्शा चालक मनीष उनके साथ गलत हरकतें करता है। पीड़ित बच्चियों ने यह भी बताया कि सोमवार को स्कूल से घर आते समय दोपहर करीब 2 बजे आरोपी ने उनके साथ फिर छेड़छाड़ की थी। इसके बाद परिजन तुरंत पुलिस के पास पहुंचे। पुलिस की पूछताछ में आरोपी मनीष मलिक ने स्वीकार किया कि वह करीब 1 महीने से इन हरकतों को अंजाम दे रहा था। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ छेड़छाड़ और पॉक्सो एक्ट में केस दर्ज किया है।


