बच्चे का मुंह नोचने वाले कुत्ते को मार डाला:गोरखपुर में घर के बाहर खेलते समय हमला किया था, 10 टांके लगे

गोरखपुर के सहजनवां क्षेत्र के डुमरी चौराहे पर दो वर्षीय मासूम का मुंह नोचने वाले कुत्तों में से एक को गांव के लोगों ने लाठी डंडे से पीटकर मार डाला। इस घटना के बाद कुत्तों की दहशत से गांव के और बच्चे घर से नहीं निकल रहे हैं। पैरेंट्स भी बच्चों को कहीं भी साथ लेकर आ-जा रहे हैं। इस घटना में मासूम सुंदरम गंभीर रूप से घायल हो गया था। तीन दिन से शहर के प्राइवेट हॉस्पिटल में उसका इलाज चल रहा था। जहां ऑपरेशन के बाद 10 टांके उसे लगाए गए हैं। रविवार को निजी अस्पताल से डिस्चार्ज होकर अपनी मां के साथ घर पहुंचा। तब उसे देखने के लिए घर पर भीड़ जुट गई। मासूम के चेहरे पर गहरा जख्म देखकर हर कोई सहम जा रहा है। बुजुर्गों पर भी कुत्ते कर चुके हैं हमला
पिता रामपाल राज का कहना है कि बेटे पर हमला करने वाला कुत्ता कई दिनों से इलाके में घूम रहा था। पहले भी बच्चों और बुजुर्गों पर हमला करने की कोशिश कर चुका था। घटना के बाद लोगों में इतना आक्रोश था कि शनिवार देर रात जैसे ही वह कुत्ता फिर से डुमरी चौराहे के पास दिखाई दिया। भीड़ ने उसे घेर लिया। पहले तो कुछ लोगों ने उसे भगाने की कोशिश की, लेकिन जब वह भौंकते हुए झपटने लगा। तब लोगों ने डंडों और पत्थरों से उसे मार डाला। पड़ोसियों ने बताया कि उन्होंने कई बार नगर पंचायत और पशु विभाग से क्षेत्र में घूम रहे आवारा कुत्तों को पकड़वाने की मांग की थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। रामपाल राज ने बताया- बच्चे के चेहरे का मांस नोचने की वजह से एक तरफ गड्‌ढा हो गया है। इसलिए डॉक्टर ने टांका काटने के बाद एक और सर्जरी करने के लिए कहा है। जिससे चेहरे को सही आकार दिया जा सके। वहीं घर पर आने के बाद बच्चे को ड्रॉप और चम्मच के जरिए खाना दिया जा रहा है। वह बहुत डरा हुआ है। इस घटना के बाद अब लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि इलाके में चल रहे आवारा कुत्तों के झुंड को तुरंत पकड़ा जाए। ताकि ऐसी घटना दोबारा न हो। वहीं थानाप्रभारी महेश चौबे ने ऐसी किसी जानकारी से इन्कार किया है। 2 अक्टूबर को कुत्तों ने किया था हमला गोरखपुर में 2 साल के मासूम बच्चे पर आवारा कुत्तों ने हमला कर दिया। चेहरे का मांस नोच लिया। हाथ भी चबा लिया। मां की चीख पुकार सुनकर आसपास के लोगों ने बच्चे को बचाया और अस्पताल पहुंचाया। बच्चे के चेहरे पर 10 टांके लगे हैं। जख्मों पर पट्‌टी बांधी गई है। बताया गया कि शुक्रवार को बच्चा घर के बाहर खेल रहा था। तभी कुत्तों के झुंड ने उस पर हमला कर दिया। बच्चे की जान जोखिम में देखकर मां ने शोर मचाना शुरू किया। चीख पुकार सुनकर आस-पास के लोग लाठी-डंडे लेकर दौड़े और कुत्तों को भगाया। हमले में बच्चा खून से लथपथ हो गया। उसे सीएचसी पहुंचाया गया। शुरुआती इलाज के बाद डॉक्टर्स ने उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया। करीबियों की सलाह के बाद माता-पिता ने उसे कैंट क्षेत्र के प्राइवेट हॉस्पिटल में भर्ती कराया। शुक्रवार रात डॉक्टरों ने सर्जरी की। डॉक्टर का कहना है- अभी एक और सर्जरी करनी पड़ेगी। घटना सहजनवां थाना क्षेत्र के डुमरी चौराहे की है। अब पढ़िए पूरा मामला…
सहजनवां थाना क्षेत्र के डुमरी चौराहे पर रामपाल राज अपनी पत्नी शालू और 2 साल के बेटे सुंदरम के साथ रहते हैं। एक प्राइवेट कंपनी में बाहर काम करते थे। हालांकि, इस वक्त खेती किसानी कर रहे हैं। रामपाल की शादी 25 नवंबर 2020 में हुई थी। इसके बाद 2 सितंबर 2023 में एक बेटा हुआ। रामपाल ने बताया- 3 अक्टूबर को उनका बेटा सुंदरम घर में ही खेल रहा था। खेलते-खेलते न जाने कब बाहर निकल गया। हम लोगों काे पता नहीं चला। बाहर सुबह करीब 8 बजे कुत्तों के झुंड ने हमला कर दिया। शोर सुनकर मैं और मेरी पत्नी बाहर भागे। बच्चे को कुत्तों के झुंड में फंसा देखकर चिल्लाने लगे। तभी गांव के और भी लोग वहां जुट गए। लाठी-डंडे लेकर कुत्तों को दौड़ाया। तब वे बच्चे को छोड़कर भागे। कुत्तों ने मासूम का होंठ और चेहरा नोच लिया था। इसके साथ ही हाथ भी चबाया लिया था। वे बच्चे को लेकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पाली ठर्रापार पहुंचे। डाक्टरों ने इलाज शुरू किया। बच्चे को तुरंत एंटी-रेबीज इंजेक्शन लगाया गया। फिर उसे जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। रामपाल ने बताया- बच्चे की जान पर न बन आए, इसलिए इधर-उधर से सलाह लेकर बेतियाहाता स्थित तमन्ना हॉस्पिटल में भर्ती कराया। शुक्रवार की देर रात डॉक्टरों ने ऑपरेशन कर बच्चे के चेहरे पर 10 टांके लगाए। हाथ में भी गंभीर जख्म है। डॉक्टर ने बताया- टांका कटने के बाद चेहरे पर एक और सर्जरी करनी पड़ेगी। ताकि चेहरे पर गड्‌ढा न दिखे। रामपाल ने बताया- ऑपरेशन में 70 हजार रुपए खर्च हो चुके हैं। अभी एक और सर्जरी करानी पड़ेगी। इसमें करीब 2 लाख रुपए खर्च बताया है। मजबूरी में इधर-उधर से इंतजाम कर बच्चे का इलाज करा रहा हूं। प्रत्यक्षदर्शी ने बताया- कुत्तों ने झुंड में किया हमला घटना बच्चे के चचेरे बाबा बुजुर्ग राममूरत राज के सामने ही हुई। उन्होंने बताया- सुंदरम मेरे सामने ही बाहर खेल रहा था। मैं गांव में टहलने निकल रहा था। तभी अचानक 3-4 कुत्ते झुंड में आए। बच्चे पर हमला कर दिया। सुंदरम चिल्लाने लगा। खुद को बचाने के लिए हाथ-पैर मारने लगा। मैं भी डर गया था। जल्दी-जल्दी लाठी ढूंढने लगा। तब तक सारे लाेग आ गए। कुत्तों को भगाया।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *