नारायणपुर जिले के अबूझमाड़ में बाघ से अपने बच्चे को बचाने के लिए एक मादा भालू बाघ से भिड़ गई। जिसका वीडियो भी अब सामने आया है। वन मंत्री केदार कश्यप ने भी अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर वीडियो शेयर किया है। उन्होंने कहा कि मां आखिर मां होती है। दरअसल, अबूझमाड़ में सड़क निर्माण का काम चल रहा है। जिस जगह सड़क बन रही है उसके आस-पास घना जंगल है। वहीं एक मादा भालू अपने बच्चे के साथ जंगल में ही एक जगह से दूसरे जगह जा रही थी। इसी बीच अचानक एक बाघ वहां पहुंच गया। बाघ शिकार करने की पोजिशन में बैठा हुआ था। उसने भालू के बच्चे पर हमला करने की कोशिश की। हालांकि, किसी तरह से मादा भालू बीच में आ गई। उसने बाघे से जमकर फाइट की। ग्रामीण ने बनाया वीडियो इस दौरान भालू का बच्चा अपनी मां के पीछे छिप गया। मादा भालू की आक्रामकता देखकर बाघ वहां से भाग गया। वहीं इस इलाके से कुछ लोग गुजर रहे थे। उन्होंने भालू और बाघ के फाइट की वीडियो बना ली। जिसके बाद वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हुआ। वन मंत्री ने भी शेयर किया वीडियो वहीं वन मंत्री और नारायणपुर विधानसभा से MLA केदार कश्यप ने भी इस वीडियो को सोशल मीडिया में पोस्ट किया है। उन्होंने लिखा है कि मां आखिर मां होती है। अबूझमाड़ के पांगुड़ में बनी सड़क के बीच में मादा भालू अपने बच्चे को टाइगर से बचाने भीड़ गई। मादा भालू ने टाइगर को खदेड़ दिया। केदार कश्यप ने कहा कि, अबूझमाड़ में प्रकृति का मनोरम दृश्य अबूझमाड़ के ग्रामीण ने अपने मोबाइल में कैद किया है।


