बच्चे से मारपीट का आरोपी शिक्षक गिरफ्तार:त्रिकुण्डा पुलिस ने न्यायिक रिमांड पर भेजा

बलरामपुर-रामानुजगंज (छत्तीसगढ़) के त्रिकुण्डा थाना पुलिस ने एक बच्चे से मारपीट के आरोप में शिक्षक उदय कुमार यादव को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर न्यायालय में पेश किया है। शिक्षक पर एक सात वर्षीय छात्र के साथ निर्दयतापूर्वक मारपीट करने का आरोप है। पुलिस के अनुसार, प्रार्थी धनंजय यादव ने शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि उनका सात वर्षीय बेटा भागीरथी यादव, जो शासकीय प्राथमिक शाला जवाखाड़ी, ग्राम पंचायत पलगी में कक्षा दो का छात्र है, 28 नवंबर 2025 को स्कूल से घर लौटने पर गंभीर रूप से घायल मिला। बच्चे के गाल सूजे हुए थे और उसकी आंख में रक्त उतर आया था। बच्चे ने अपने बयान में बताया कि शिक्षक उदय यादव शराब के नशे में स्कूल आए थे। जब वह गिनती नहीं सुना पाया, तो शिक्षक ने उसे गाली-गलौज करते हुए डांटा और मारपीट की। प्रार्थी की रिपोर्ट के आधार पर, पुलिस ने अपराध क्रमांक 72/2025 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 296, 115(2) और किशोर न्याय (बालकों की देखरेख एवं संरक्षण) अधिनियम 2015 की धारा 75, 82 के अंतर्गत मामला दर्ज किया। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर आरोपी शिक्षक की तलाश कर उसे हिरासत में लिया गया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान उदय कुमार यादव (56 वर्ष) के रूप में हुई है, जो स्वर्गीय रामजी प्रसाद यादव के पुत्र और ग्राम पलगी, थाना त्रिकुण्डा का निवासी है। उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर न्यायालय में पेश किया गया। इस कार्रवाई से स्कूल प्रबंधन और स्थानीय लोगों ने संतोष व्यक्त किया है। पुलिस ने दोहराया है कि बच्चों के साथ किसी भी प्रकार के शोषण या हिंसा के मामलों में कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उल्लेखनीय है कि दैनिक भास्कर ने इस मुद्दे को प्रमुखता से उठाया था, जिसके बाद जिला शिक्षा अधिकारी ने संबंधित शिक्षक को निलंबित कर दिया था।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *