भास्कर न्यूज | अमृतसर थाना घरिंडा के अंतर्गत आने वाले गांव रामूवाल में पतंगबाजी को लेकर दो पक्षों के बीच झगड़ा हो गया। झगड़े के दौरान दोनों ओर से पथराव करते हुए तोड़फोड़ की गई। घटना में दोनों पक्षों के घरों और सामान को भारी नुकसान पहुंचा है। इस मामले संबंधी शिकायत मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और अपनी जांच शुरू की है। इस मौके दोनों पक्षों के मान सिंह और लक्खा बाबा ने बताया कि विवाद की शुरूआत बच्चों के पतंग उड़ाने से हुई। पहले पक्ष का कहना है कि पड़ोसियों ने उनके बच्चों पर पतंग काटने और छीना-झपटी करने का आरोप लगाते हुए गालियां दीं। जब बच्चों ने इसका विरोध किया, तो पड़ोसियों ने उनके घर पर पथराव कर दिया और घर का काफी सामान तोड़ कर नुकसान पहुंचाया। दूसरे पक्ष ने दावा किया कि पड़ोसियों के बच्चों ने उनके घर में आकर पथराव किया और मोटरसाइकिल तथा अन्य सामान की भी तोड़-फोड़ की गई। जिससे काफी नुकसान भी हुआ। मामले की जांच कर रहे थाना घरिंडा इंस्पेक्टर अमनदीप सिंह ने कहा कि दोनों पक्षों के बयान दर्ज कर लिए गए है। दोनों पक्षों के लोगों की मेडिकल रिपोर्ट और जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।


