चिकलोद कलां| शासकीय माध्यमिक शाला सिमरोदा में गणतंत्र दिवस समारोह उत्साह और गरिमा के साथ मनाया गया। पहली से सातवीं कक्षा तक के विद्यार्थियों ने देशभक्ति गीतों और ऐतिहासिक पात्रों पर आधारित प्रस्तुतियां दीं। बच्चों की प्रस्तुति ने अतिथियों और अभिभावकों को भावविभोर कर दिया। कार्यक्रम में राष्ट्रप्रेम और आत्मविश्वास का संदेश मिला। मुख्य अतिथि यश ग्रुप की संचालिका नंदिनी राजपूत ने विद्यालय में बाउंड्री वॉल निर्माण में सहयोग देने की घोषणा की। साथ ही एक मेधावी छात्रा को पांच वर्षों तक वार्षिक प्रोत्साहन राशि देने का वादा किया। जनपद सदस्य धर्म सिंह ने विद्यालय को एक लाख रुपए की सहायता देने का आश्वासन दिया। समारोह में बड़ी संख्या में ग्रामीणजन, शिक्षक और विद्यार्थी मौजूद रहे।


