भास्कर न्यूज | गढ़वा झारखंड शिक्षा परियोजना के निर्देश पर गढ़वा प्रखंड के उत्क्रमित उच्च विद्यालय कल्याणपुर में शनिवार को शिक्षक-अभिभावक गोष्ठी का आयोजन किया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में विधायक प्रतिनिधि विवेकानंद तिवारी और विशिष्ट अतिथि के रूप में कल्याणपुर पंचायत के पूर्व मुखिया विनोद चंद्रवंशी उपस्थित थे। विद्यालय के प्रधानाध्यापक के द्वारा दोनों अतिथियों को बुके देकर सम्मानित किया गया। मौके पर उपस्थित शिक्षकों और अभिभावकों को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि विवेकानंद तिवारी ने कहा कि इस कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यालय में पढ़ाई की गुणवत्ता में सुधार लाना, बच्चों की उपस्थिति को नियमित करना तथा शिक्षा के स्तर को ऊंचा उठाने के लिए अभिभावकों और शिक्षकों के बीच सीधा संवाद स्थापित करना है। विशिष्ट अतिथि विनोद चंद्रवंशी ने कहा कि शिक्षा एक अनमोल चीज है। इसलिए सभी अभिभावकों को प्रतिदिन अपने बच्चों को विद्यालय भेजना चाहिए। ताकि बच्चा शिक्षित होकर समाज और देश का नाम रोशन कर सके। इस अवसर पर विद्यालय की छात्राओं के द्वारा स्वागत गीत प्रस्तुत की गई। विद्यालय के प्रधानाध्यापक कृष्ण मुरारी पांडेय ने बैठक के उद्देश्य पर प्रकाश डालते हुए कहा कि बच्चों की शिक्षा को सार्थक बनाने के लिए शिक्षक और अभिभावक दोनों की समान भूमिका होती है। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे अपने बच्चों को प्रतिदिन विद्यालय भेजें और घर पर पढ़ाई के लिए प्रेरित करें। बैठक का संचालन करते हुए शिक्षक शरफुल्लाह अंसारी ने अपने संबोधन में बताया कि कई बार देखा जाता है कि छात्र नियमित रूप से विद्यालय नहीं आते, जिसके कारण उनकी पढ़ाई प्रभावित होती है। इसके लिए अभिभावकों को सतर्क रहने की आवश्यकता है। गोष्ठी में उपस्थित अभिभावकों ने भी अपनी बात रखी। बैठक के अंत में खेल के क्षेत्र में बेहतर प्रदर्शन करने वाले छात्रों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर विद्यालय के शिक्षक नवीन कुमार द्विवेदी, अनुज कुमार पाठक, यशमुद्दीन अंसारी, नागेंद्र चौधरी, शरफुल्लाह अंसारी, सलीम अंसारी, अब्दुल मोतल्लिब अंसारी, जावेद खान, शादाब खान, मुरारी राम, मनोज कुमार, संजय राम, सुनील कुमार विश्वकर्मा, जफर हुसैन, विद्यालय प्रबंधन समिति के अध्यक्ष मुस्तफा खान, शिक्षिका वीणा कुमारी, रोकैया तरन्नुम, अनिता कुमारी, गुलशन खातून, संयुक्ता कुमारी, मीना कुमारी सहित कई लोग उपस्थित थे।


