कोटा में रिटायर्ड फौजी ने अपनी कनपटी पर रिवॉल्वर मारकर सुसाइड कर लिया। वे ड्राइंग रूम में अपनी लाइसेंसी रिवाल्वर लेकर बैठे थे। गोली की आवाज सुनकर सामने रसोई में खाना बना रही पत्नी भागी। इसके बाद पड़ोसियों के साथ घायल पति को निजी हॉस्पिटल लेकर गए। डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। हादसा बुधवार शाम करीब 6 बजे उद्योग नगर इलाके के प्रेम नगर अफॉर्डेबल इलाके का है। हेड कॉन्स्टेबल दशरथ ने बताया- रिटायर्ड फौजी अरविंद सिंह जाट (45) के पास लाइसेंस रिवॉल्वर थी। उसी से खुद को गोली मारी है। फिलहाल सुसाइड का कोई कारण सामने नहीं आया है। हादसे के समय घर में उनकी पत्नी और बेटी थी। बेटा टेनिस खेलने गया था। सुसाइड से पहले बच्चों के साथ टेनिस खेला मृतक के पड़ोसी जितेंद्र सिंह ने बताया- अरविंद सिंह का परिवार पिछले 8 साल से यहां रह रहा है। वे मूल रूप से उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर के रहने वाले थे। उनकी बेटी साक्षी (19) कॉलेज में है और बेटी अनिकेत 11वीं क्लास में पढ़ता है। बच्चों को पढ़ाने के लिए आर्मी से रिटायर्ड होने के बाद ही कोटा आ गए थे। फिलहाल कोटा में एक निजी स्कूल में डायरेक्टर के गनमैन के तौर पर तैनात थे। परिवार में तनाव या फाइनेंशियल तंगी जैसा कुछ नहीं था। पड़ोसी ने बताया- घटना वाले दिन बुधवार शाम वे अपने बच्चों के साथ टेनिस खेल रहे थे। खेलने के बाद घर गए और गोली मार ली। गोली की आवाज सुनकर उनके घर पहुंचे थे और निजी हॉस्पिटल लेकर गए थे लेकिन जान नहीं बच सकी। टीवी देखते-देखते मारी गोली पड़ोसी अजय सिंह ने बताया- टेनिस खेलने के बाद वे और उनकी बेटी घर पर चले गए थे। बेटा खेल रहा था। पता चला है कि उन्होंने बेटी से टीवी चलाने को कहा था। टीवी चलाने के बाद बेटी कमरे में चली गई और वे ड्राइंग रूम में बैठे रहे। सामने रसोई में उनकी पत्नी रेणु देवी खाना बना रही थी। उन्होंने देखा कि अरविंद सिंह ने पिस्टल कनपटी पर लगा रखी है। ये देखकर उन्होंने टोका और कहा- इसे रख दो, चल जाएगी। इतने में गोली चल गई।


