भास्कर न्यूज| सरायकेला सरायकेला प्रखंड अंतर्गत प्राथमिक विद्यालय डोमरडीहा में शिक्षक अभिभावक गोष्ठी का आयोजन किया गया। विभागीय निर्देशानुसार आयोजित उक्त शिक्षक अभिभावक गोष्ठी की अध्यक्षता सरायकेला प्रखंड के उप प्रमुख बासुदेव महतो ने की। मौके पर अभिभावकों को संबोधित करते हुए उन्होंने बच्चों को नियमित रूप से विद्यालय भेजने के लिए प्रेरित किया। साथ ही उन्होंने स्कूली बच्चों के बीच चॉकलेट का वितरण करते हुए कहा कि शिक्षा से बड़ा कोई भी धन नहीं है। इसलिए हर परिस्थिति में शिक्षा और ज्ञान का अर्जन करें। मौके पर उपस्थित रहे सरायकेला प्रखंड साधन सेवी गौतम कुमार ने सभी अभिभावकों को शिक्षक अभिभावक गोष्ठी के उद्देश्य की जानकारी देते हुए बताया कि सरकार एवं शिक्षा विभाग का एकमात्र उद्देश्य है विद्यालय में अध्यनरत सभी बच्चों का सर्वांगीण विकास संभव हो। इसके लिए शिक्षक एवं अभिभावक को संयुक्त विचार के साथ कार्य करना होगा। मौके पर विद्यालय के प्रभारी प्रधानाध्यापक ने शिक्षक अभिभावक गोष्ठी का संचालन करते हुए स्टूडेंट एजुकेशन ट्रायंगल की विस्तृत रूप से जानकारी दी। जिसमें उन्होंने बताया कि बच्चों के संपूर्ण विकास के लिए शिक्षक, अभिभावक एवं समुदाय को सामूहिक रूप से मिलकर कार्य करना होगा। मौके पर अभिभावकों ने विभिन्न प्रकार का शंका समाधान किया। और संस्कार विकास सहित सरकार द्वारा प्रदत्त कैलेंडर के आधार पर बच्चों के शिक्षा विकास के लिए कार्य करने का संकल्प लिया। मौके पर समाजसेवी शैलेंद्र महतो, प्रखंड एमडीएम प्रभारी राजाराम महतो, संकुल साधन सेवी राजेंद्र कुमार नंदा, विद्यालय प्रबंधन समिति अध्यक्षा आशा मुखी, ओड़िया शिक्षिका श्रीमती रश्मिता दास सहित अभिभावक मौजूद रहे।


