भास्कर न्यूज | कुकदूर वनांचल क्षेत्र ग्राम कुई स्थित शासकीय पूर्व माध्यमिक स्कूल में शनिवार को बैगलेस डे पर बच्चों के लिए रचनात्मक और ज्ञानवर्धक गतिविधियों का आयोजन किया गया। इस दौरान बच्चों को पढ़ाई के बोझ से मुक्त रखते हुए सीखने को रोचक और व्यावहारिक बनाने पर विशेष जोर दिया गया। बैगलेस डे के तहत स्कूल में आकलन गतिविधि, आईसीटी, कला शिक्षा, कौशल बोध, व्यावसायिक शिक्षा, योग, प्राणायाम और खेलकूद जैसे कार्यक्रम कराए गए। बच्चों ने उत्साहपूर्वक इन गतिविधियों में भाग लिया और पढ़ाई के साथ-साथ जीवन उपयोगी कौशलों को भी जाना। कार्यक्रम के दौरान योग शिक्षक मुकेश कुमार देवांगन ने बच्चों को योग और प्राणायाम का अभ्यास कराया। उन्होंने बताया कि योग शारीरिक, मानसिक और आध्यात्मिक स्वास्थ्य को संतुलित करता है। कार्यक्रम को सफल बनाने में शिक्षक जितेन्द्र कुमार कश्यप, हेमंत कुमार साहू, मंशाराम लहरे, टामेश्वर दास बघेल, उत्तरा वर्मा, धूर सिंह और चंदू धुर्वे, जानकी बाई, जेठिया व जानकी बाई का योगदान रहा। बैगलेस डे के दौरान आयोजित खेलकूद और कला गतिविधियों में बच्चों का उत्साह देखते ही बन रहा था। शिक्षकों ने बताया कि इस तरह की गतिविधियों से बच्चों में टीम भावना, आत्मविश्वास और रचनात्मक सोच का विकास होता है। इस अवसर पर प्रधानपाठक सभाजीत सिंह ने कहा कि बैगलेस डे का उद्देश्य बच्चों को पुस्तकों से इतर सीखने का अनुभव देना है। ताकि वे पढ़ाई को बोझ नहीं बल्कि आनंद के रूप में अपनाएं।


