भास्कर न्यूज|गिरिडीह अर्ली लर्नर कोचिंग क्लासेस ने शारीरिक गतिविधियों को प्रोत्साहित करने और आत्मविश्वास को बढ़ाने के उद्देश्य से झंडा मैदान में मार्शल आर्ट कराटे का आयोजन किया। बच्चों ने कराटे प्रशिक्षण शिविर में भाग लिया, जहां उन्हें कराटे के विभिन्न तकनीकों के बारे में सिखाया गया। इस दौरान कोच दीपक श्रीवास्तव ने छात्रों को कराटे की बारीकियों से अवगत कराया। उनको फेस, स्टमक , डाउन डिफेंस और लॉकइंग की जानकारी दी गई। इसे बच्चों ने भी काफी रुचि के साथ सीखा। उन्होंने बच्चों को प्रेरित करते हुए उनके शारीरिक, मानसिक और भावनात्मक विकास पर विशेष जोर दिया, ताकि बच्चों में आत्मविश्वास और स्वावलंबन की भावना का विकास हो सके। उन्होंने कहा कि यह आयोजन न केवल बच्चों के लिए सीखने का अवसर बना, बल्कि उनके सर्वांगीण विकास की दिशा में एक पहल भी सिद्ध हुआ। कराटा बच्चों को आत्मरक्षा का कौशल सिखाता है, ताकि वे किसी भी खतरे से खुद को सुरक्षित रख सकें।


