दतिया। अभिभावकों को बच्चों पर केवल नंबर लाने का दबाव नहीं डालना चाहिए। उन्हें बच्चों के सर्वांगीण विकास में सहायक बनना चाहिए। यह बात दतिया पुलिस अधीक्षक वीरेंद्र मिश्रा ने एक्सल आई स्कूल में आयोजित अभिभावक संगोष्ठी में कही। उन्होंने कहा कि बच्चों को सही दिशा देने के लिए माता-पिता और शिक्षकों को उनकी प्रतिभा को समझना होगा। कार्यक्रम की अध्यक्षता साहित्यकार जगत शर्मा ने की। उन्होंने कहा, बच्चों के भविष्य को संवारने में माता-पिता और शिक्षकों की समान भूमिका होती है। लेकिन मोबाइल की लत इस भूमिका को चुनौती दे रही है। बच्चों को मोबाइल से बचाना जरूरी है, ताकि उनका भविष्य सुरक्षित रहे। अतिथि परिचय और स्वागत भाषण वरिष्ठ शिक्षक लक्ष्मण साहू ने दिया। अतिथियों का स्वागत संस्था प्रमुख कपिल मुड़िया, व्यवस्थापक कुलदीप त्रिपाठी, शिक्षक नवीन गुप्ता ने शाल, श्रीफल और माल्यार्पण कर किया। अंत में संस्था प्रमुख कपिल मुड़िया ने सभी अतिथियों और अभिभावकों का आभार व्यक्त किया।


