बच्चों से भरी पिकअप पलटने के मामले में भेजी रिपोर्ट:शिक्षा विभाग ने तथ्यात्मक जांच रिपोर्ट अधिकारियों को भेजी, जिम्मेदार शिक्षक सस्पेंड

डीडवाना-कुचामन में गणतंत्र दिवस पर मण्डुकरा में स्कूली बच्चों से भरी पिकअप पलटने के मामले में शिक्षा विभाग ने तथ्यात्मक जांच रिपोर्ट उच्चाधिकारियों को भेज दी है। जिला कलेक्टर डॉ. महेंद्र खड़गावत के निर्देश पर गठित जांच कमेटी की रिपोर्ट के आधार पर घटना के लिए जिम्मेदार शिक्षक को निलंबित कर दिया गया है। शिक्षा विभाग की रिपोर्ट के अनुसार 26 जनवरी को राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय मण्डुकरा, ब्लॉक डीडवाना में गणतंत्र दिवस समारोह आयोजित किया गया था। इस समारोह के लिए समीपवर्ती गांव भवाद से विद्यार्थियों को एक निजी पिकअप वाहन से विद्यालय लाया गया था। पिकअप में थे 48 बच्चे सवार
कार्यक्रम खत्म होने के बाद वही पिकअप विद्यार्थियों को वापस गांव भवाद छोड़ने के लिए रवाना हुई। मण्डुकरा से लगभग एक किलोमीटर की दूरी पर यह गाड़ी बेकाबू होकर पलट गई। हादसे के समय पिकअप में करीब 48 विद्यार्थी सवार थे, जिससे कई बच्चे घायल हो गए। 3 गंभीर घायलों को जयपुर रेफर किया
सभी घायलों को तुरंत सीएचसी छोटीखाटू पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें जिला अस्पताल डीडवाना रेफर किया गया। जिला अस्पताल से 3 विद्यार्थियों को गंभीर हालत में जयपुर के हायर सेंटर रेफर किया गया, जबकि 6 विद्यार्थी वर्तमान में भी जिला अस्पताल डीडवाना में उपचाराधीन हैं। शेष विद्यार्थियों को प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया गया था। जांच के लिए 3 सदस्यीय समिति गठित की
इस घटना की जांच के लिए प्रधानाचार्य नेमीचंद पूनियां (राउमावि सिगरावट कलां) की अध्यक्षता में एक 3 सदस्यीय समिति गठित की गई थी। समिति ने विद्यालय पहुंचकर विद्यार्थियों, स्टाफ और ग्रामीणों से विस्तृत जानकारी जुटाई।
जांच में यह सामने आया कि विद्यार्थियों के आवागमन के लिए वाहन की व्यवस्था अभिभावकों द्वारा निजी स्तर पर की गई थी। विद्यार्थियों के बयानों के अनुसार, कार्यक्रम समाप्ति के बाद पिकअप वाहन संतोष कुमार, अध्यापक राउप्रावि भवाद, द्वारा चलाया जा रहा था, जो हादसे का कारण बना। एक टीचर को किया सस्पेंड
जांच रिपोर्ट के आधार पर, जिला शिक्षा अधिकारी (मुख्यालय) प्रारंभिक शिक्षा ने संतोष कुमार, अध्यापक लेवल-2 हिन्दी, राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय भवाद को निलंबित कर दिया है। उनका मुख्यालय मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी, नावां निर्धारित किया गया है।
शिक्षा विभाग ने बताया कि वर्तमान में एक विद्यार्थी जयपुर में उपचाराधीन है, जबकि दो विद्यार्थियों को छुट्टी दे दी गई है। अन्य घायलों का इलाज अभी भी जारी है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *