भास्कर न्यूज | सिमडेगा राज्य सरकार द्वारा पेश किए गए आम बजट का सिमडेगा विधायक भूषण बाड़ा ने स्वागत किया है। उन्होंने कहा कि बजट भाषण के दौरान सिमडेगा जिले का नाम भले ही प्रत्यक्ष रूप से न आया हो लेकिन ग्रामीण अर्थव्यवस्था, जनजातीय कल्याण और आधारभूत संरचना पर केंद्रित योजनाओं ने स्थानीय लोगों में नई उम्मीद जगा दी है। विधायक भूषण बाड़ा ने इस बजट को जन-आकांक्षी बताते हुए इसका पुरजोर समर्थन किया है। उन्होंने कहा कि बजट का उद्देश्य केवल नाम गिनाना नहीं बल्कि उन क्षेत्रों तक विकास पहुंचाना है जो अब तक हाशिए पर रहे हैं। उन्होंने कहा कि यह बजट आंकड़ों का मायाजाल नहीं धरातल पर बदलाव लाने वाला दस्तावेज है। सिमडेगा जैसे आदिवासी बहुल जिले के लिए कृषि, पेयजल और शिक्षा के क्षेत्र में किए गए प्रावधान संजीवनी का काम करेंगे। सड़क उन्नयन और सिंचाई परियोजनाओं का सीधा लाभ हमारे जिले के सुदूरवर्ती गांवों को मिलेगा। विधायक ने कहा कि बजट में की गई घोषणाओं को सिमडेगा के संदर्भ में देखें तो कई महत्वपूर्ण पहलू सामने आते हैं। कृषि उपकरणों पर अनुदान और पशुपालन को बढ़ावा देने की योजना सिमडेगा के किसानों की आय दोगुनी करने में सहायक होगी। तकनीकी शिक्षा और स्कूलों के आधुनिकीकरण के लिए आवंटित राशि से जिले के युवाओं को घर के करीब बेहतर अवसर मिलेंगे। आदिवासी संस्कृति के संरक्षण और विशेष विकास कार्यक्रमों के लिए की गई घोषणाएं सीधे तौर पर सिमडेगा की सामाजिक संरचना को मजबूती प्रदान करेंगी।


