बज्जू के 860 आरडी में गाड़ी लेकर पहुंचे नकाबपोश:सीसीटीवी पर गोबर पोता, 30 मिनट में 14.24 लाख रुपए से भरा एटीएम उखाड़ ले गए चोर

बज्जू के 860 आरडी पहुंचे तीन नकाबपोशों ने 14.24 लाख रुपए से भरा एटीएम उखाड़ा और गाड़ी में डालकर फरार हो गए। वारदात को अंजाम देने से पहले चोरों ने सीसीटीवी पर गोबर पोता और उन्हें तोड़ दिया। पुलिस उनकी तलाश में जुटी है।बुधवार की देर रात गाड़ी में सवार तीन नकाबपोश बज्जू में 860 आरडी गोविन्दनगर पहुंचे। नकाबपोशों ने एसबीआई बैंक परिसर में लगे एटीएम कक्ष में सेंधमारी की। बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे पर गोबर पोता और अंदर घुस गए। कक्ष में लगे सीसीटीवी को लोहे की रॉड से तोड़ दिया। उसके बाद एटीएम में तोड़फोड़ की और उसे उखाड़ लिया। 14.24 लाख रुपए से भरे एटीएम को गाड़ी में डाला और फरार हो गए। सुबह करीब सात बजे बैंक के सामने नागणेची स्वीट्स की दुकान मालिक ने एटीएम शटर और तोड़फोड़ देखी तो कार्यवाहक मैनेजर कैलाश पंचारिया को फोन कर जानकारी दी। इत्तला मिलने पर बैंक अधिकारी-कर्मचारी और बज्जू थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई। एसपी कावेन्द्र सिंह सागर और एफएसएल की टीम भी घटनास्थल पर पहुंची और निरीक्षण किया। आशंका जताई जा रही हे कि चोरों ने एटीएम को मजबूत रस्सी या लोहे की मोटी चेन से बांधा और बोलेरो कैंपर या पिकअप गाड़ी से खींचकर उखाड़ लिया। बाद में एटीएम को गाड़ी में डालकर फरार हो गए। बैंक के गेट पर लगे सीसीटीवी कैमरे में तीन नकाबपोशों के रात 1.21 बजे एटीएम कक्ष में बारी-बारी से दाखिल होते फुटेज आए हैं। तीनों 25 से 30 मिनट में वारदात को अंजाम देकर भाग निकले। एसएचओ आलोक सिंह ने बताया कि बज्जू पुलिस थाने में अज्ञात चोरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। 11 जनवरी को एटीएम में डाले 13 लाख, 3 पहले से थे कार्यवाहक मैनेजर कैलाश पंचारिया ने बताया कि 11 जनवरी को एटीएम में 13 लाख रुपए डाले गए थे। तीन लाख रुपए पहले से थे। कुल 16 लाख रुपए थे। पिछले दिनों एटीएम के जरिये 2 लाख रुपए निकाले गए और एटीएम में 14.24 लाख रुपए थे। आशंका जताई जा रही है कि चोरों ने रैकी करने के बाद वारदात को अंजाम दिया। बज्जू में और भी जगह एटीएम है। लेकिन, चोरों को इसका पता चला होगा कि 860 आरडी बैंक एटीएम में कैश डाला गया है और वह नोटों से भरा है। चोर प्लानिंग कर नोटों से भरा एटीएम उखाड़ ले गए। पुलिस को एक दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में देर रात को गाड़ी निकलती नजर आई है। “बज्जू में रुपयों से भरा एटीएम उखाड़ने की वारदात होने पर मौका-मुआयना किया है। सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। बैंक और एटीएम कक्ष में लगे सीसीटीवी कैमरों में तीन लोगों के फुटेज दिखे हैं, लेकिन नकाब पहना होने के कारण चेहरा दिखाई नहीं दिया। पूर्व में ऐसी वारदात करने वालों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है। वारदात का खुलासा करने के लिए पुलिस की अलग-अलग टीमें बनाई गई हैं।” – कावेन्द्र सिंह सागर, एसपी सालभर पहले नोखा के सुरपुरा में हुई थी एटीएम उखाड़ने की वारदात सालभर पहले नोखा के सुरपुरा गांव में लगे एसबीआई बैंक का एटीएम उखाड़कर ले जाने की वारदात हुई थी। एटीएम में 19 लाख रुपए थे। फॉरच्यूनर में सवार बदमाश एटीएम गार्ड को भी मारपीट कर ले गए और उसे रास्ते में पटक दिया था। बदमाशों ने एटीएम को रस्से से बांधकर फॉरच्यूनर गाड़ी से खींचकर उखाड़ा था। पुलिस ने वारदात को अंजाम देने वालों को गिरफ्तार भी किया था।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *