भास्कर न्यूज | अमृतसर गुरदासपुर से कांग्रेस सांसद और पूर्व डिप्टी सीएम सुखजिंदर सिंह रंधावा रविवार को अमृतसर पहुंच पंजाब में बिगड़ती कानून व्यवस्था को लेकर सीएम मान पर सियासी हमले किए। रंधावा ने कानून व्यवस्था, गैंगस्टर गतिविधियों और सरकार की कार्यशैली पर सवाल उठाए। रंधावा ने कहा कि पंजाब की सुरक्षा स्थिति पहले कभी इतनी खराब नहीं रही। 65 साल के हैं और बचपन से राजनीति देख रहे हैं, लेकिन ऐसा मुख्यमंत्री पहले कभी नहीं देखा जो राजनीतिक लोगों को मजाक में लेता हो। राज्य की बिगड़ती स्थिति को लेकर उन्होंने कई बार डीजीपी को संदेश भेजे लेकिन कभी कोई जवाब नहीं मिला। उनके पास मुख्यमंत्री का फोन नंबर तक उपलब्ध नहीं है। सांसद रंधावा ने आरोप लगाया कि बटाला और आसपास के क्षेत्रों में गैंगस्टरों का बोलबाला है और पुलिस उनके खिलाफ कार्रवाई नहीं कर रही। कई गैंगस्टरों के नाम गिनाते हुए रंधावा ने कहा कि हरप्रीत पछिया, जीवन फौजी, निशान मान (जोड़ियां खुर्द), साजन (वैरोके गांव), जो कथित तौर पर खालिस्तान समर्थक हैं। इसके अलावा राजा वैरोवल, गुरलाल (कलानौर), मनु अगवान गैंगस्टर, डोनी बल, अमरिंदर बिल्ला आदि। उन्होंने आरोप लगाया कि ये सभी कुख्यात गैंगस्टर जग्गू भगवानपुरिया और अन्य गिरोहों के साथ जुड़े हुए हैं। सांसद रंधावा ने सीएम भगवंत मान के उस बयान पर तीखी प्रतिक्रिया दी जिसमें कहा गया था कि गैंगस्टर कांग्रेस के पाले हुए हैं। रंधावा ने पलटवार करते हुए कहा कि असल में गैंगस्टर आम आदमी पार्टी के पाले हुए हैं। चुनावों में इनसे मदद ली जाती है, पैरोल दिलाई जाती है और फिर सुरक्षा के नाम पर समझौते किए जाते हैं। उन्होंने दावा किया कि डेरा बाबा नानक में चुनावों के दौरान जग्गू भगवानपुरिया से अप्रत्यक्ष समर्थन आम आदमी पार्टी ने लिया था। सांसद ने कहा कि फिरोजपुर में खुलेआम हुए कत्ल पर मुख्यमंत्री ने कोई बयान तक नहीं दिया, जबकि ऐसी वारदातें लगातार बढ़ रही हैं। कंचनप्रीत मामले का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि इस घटना के बाद मुख्यमंत्री को नैतिकता के आधार पर इस्तीफा दे देना चाहिए था। जबकि उप चुनाव के दौरान तरनतारन की एसएसपी रवजीत कौर की और चुनाव के बाद कंचनप्रीत कौर से जुड़े मामले में अमृतसर देहाती के एसएसपी मनिंदर सिंह को सस्पेंड कर दिया गया था। कंचनप्रीत कौर के ही मामले में शनिवार की रात में तरनतारन अदालत में पंजाब पुलिस की जो फजीहत हुई है, उस पर क्या अब सीएम को खुद इस्तीफा नहीं देना चाहिए। इस मौके पर कांग्रेस नेता बरिंदरजीत सिंह पाहड़ा ने भी बड़ा दावा किया। उन्होंने कहा कि गुरदासपुर में थाना परिसर के पास हुए बस धमाके को पुलिस टिपर का टायर फटना बता रही है।


