बठिंडा पुलिस ने जेल से फरार आरोपी को पकड़ा:अवैध विदेशी हथियार बरामद, इंग्लैंड में की थी युवती की हत्या, 22 साल काटी सजा

बठिंडा पुलिस ने एक फरार आरोपी को अवैध विदेशी हथियार के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी इंग्लैंड में एक महिला की हत्या का दोषी था और पटियाला जेल से फरार हुआ था। उसके पास से एक अवैध ग्लॉक 9 एमएम पिस्तौल और चार जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं। पुलिस अधीक्षक (जांच) जसमीत सिंह ने बताया कि अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सीआईए स्टाफ-2 बठिंडा की टीम गश्त पर थी। उन्हें सूचना मिली कि शेर सिंह उर्फ जस्सा, निवासी गांव वणिए के, तहसील अजनाला, जिला अमृतसर साहिब, कैंट रोड बठिंडा के आसपास अवैध पिस्तौल के साथ घूम रहा है। पुलिस ने आरोपी को रिंग रोड बठिंडा से काबू कर लिया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से एक अवैध ग्लॉक 9 एमएम पिस्तौल और चार जिंदा कारतूस बरामद हुए। जांच में सामने आया कि आरोपी शेर सिंह उर्फ जस्सा का आपराधिक इतिहास रहा है। 2009 में उसने इंग्लैंड में गीता नामक एक युवती की हत्या की थी, जिसके लिए उसे 22 साल की सजा सुनाई गई थी। वह इंग्लैंड की एचएमपी गार्ट्री हार्बरो, लीसेस्टरशायर जेल में बंद था। नवंबर 2018 में उसे अपनी शेष सजा पूरी करने के लिए भारत भेजा गया, जहां उसे कपूरथला जेल में रखा गया था। अप्रैल 2021 में आरोपी को केंद्रीय जेल पटियाला स्थानांतरित किया गया। 28 अप्रैल 2021 को वह अपने दो साथियों इंदरजीत सिंह उर्फ ध्याना और जसप्रीत सिंह उर्फ रूपी के साथ जेल से फरार हो गया था। इस संबंध में थाना त्रिपड़ी, पटियाला में मामला दर्ज किया गया था। उसके दोनों साथियों को बाद में गिरफ्तार कर लिया गया था, लेकिन शेर सिंह उर्फ जस्सा तब से फरार चल रहा था।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *