पंजाब के बठिंडा में एचपीसीएल-मित्तल एनर्जी लिमिटेड (एचएमईएल) शिक्षा के माध्यम से समाज को आत्मनिर्भर और मजबूत बनाने के अपने विजन को साकार कर रहा है। इसी दिशा में एचएमईएल ने ‘नेशनल सुपर 100 प्रोग्राम’ के तहत ग्रामीण प्रतिभाओं को निखारने का बीड़ा उठाया है। इस कार्यक्रम के माध्यम से आर्थिक रूप से पिछड़े मेधावी छात्रों को आईआईटी और एनआईटी जैसी प्रतिष्ठित संस्थानों में प्रवेश पाने के लिए मुफ्त कोचिंग, मार्गदर्शन और मेंटरशिप प्रदान की जाती है। 2025-26 बैच के लिए एचएमईएल और सेंटर फॉर सोशल रिस्पॉन्सिबिलिटी एंड लीडरशिप (सीएसआरएल) ने जिला शिक्षा विभाग के साथ मिलकर बठिंडा के सरकारी स्कूलों में स्क्रीनिंग टेस्ट आयोजित किया। 550 से अधिक छात्रों में से छह प्रतिभाशाली छात्रों का चयन किया गया है, जिनमें अभय सामा, अजय कुमार, कृष्णा बाई, प्रीतपाल कौर, अनमोलप्रीत सिंह और प्रभजोत सिंह शामिल हैं। ये सभी छात्र अब दिल्ली स्थित सीएसआरएल में 11 महीने की गहन आवासीय कोचिंग ले रहे हैं और आईआईटी तथा एनआईटी में प्रवेश पाने का सपना संजोए हुए हैं। ‘नेशनल सुपर 100 प्रोग्राम’ पहले भी कई छात्रों की जिंदगी बदल चुका है। 2023-24 बैच में बठिंडा की खुशी ने आईआईटी गुवाहाटी में प्रवेश पाया, जबकि पवनदीप, साहिल कुमार और हरप्रीत सिंह एनआईटी जालंधर में दाखिल हुए। 2024-25 बैच में अर्जनवीर सिंह को आईआईटी खड़गपुर और प्रभजोत कौर को एनआईटी जालंधर में प्रवेश मिला। इस सफलता से उत्साहित एचएमईएल शिक्षा के माध्यम से राष्ट्र निर्माण के अपने संकल्प को दोहराता है। कंपनी का मानना है कि युवाओं को अवसर और ज्ञान मिलने से पूरे समाज पर सकारात्मक प्रभाव पड़ता है। ‘नेशनल सुपर 100 प्रोग्राम’ ग्रामीण प्रतिभाओं को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है और एचएमईएल इस गौरवशाली परंपरा को आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है।


