बठिंडा में कांग्रेस ने AAP सरकार पर साधा निशाना:पंजाब प्रभारी ने कहा- प्रदेश में स्वास्थ्य-शिक्षा बदहाल, छत्तीसगढ़ में विज्ञापन पर खर्च

पंजाब के कांग्रेस के प्रभारी व छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल आज प्रदेश की आम आदमी सरकार और केंद्र की भाजपा सरकार जमकर निशाना साधा। उन्होंने मान सरकार पर झूठे वादे करने और विज्ञापनों पर पैसा खर्च करने का आरोप लगाया। इसके साथ केंद्र की भाजपा सरकार को गरीब और विकास विरोधी बताया। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (AICC) के महासचिव और पंजाब प्रभारी भूपेश बघेल ने बठिंडा में भाजपा और आम आदमी पार्टी की सरकार की नीतियों पर जमकर निशाना साधा। इस अवसर पर पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग और नेता प्रतिपक्ष प्रताप सिंह बाजवा ने भी राज्य सरकार की विफलताओं को उजागर किया। मनरेगा और केंद्र की नीतियों पर घेरा: कांग्रेस नेताओं ने केंद्र सरकार को ‘मजदूर विरोधी’ बताते हुए कहा कि मनरेगा के फंड ढांचे में बदलाव कर राज्यों पर 40% भुगतान का बोझ डाल दिया गया है, जिससे योजनाएं ठप हो रही हैं। पहले इसमें 90 फीसदी पैसा केंद्र सरकार देती थी। 10 फीसदी हिस्सा ही राज्य सरकार को देना था। कांग्रेस ने दावा किया कि कई राज्यों के पास यह 40% हिस्सा देने के लिए फंड नहीं है, जिससे योजनाएं लागू नहीं हो पा रही हैं।उन्होंने आरोप लगाया कि भगवंत मान सरकार अपना 10% हिस्सा भी नहीं दे रही है। बघेल ने कहा कि मोदी सरकार केवल व्यापारिक घरानों को लाभ पहुँचा रही है, जबकि गरीब और मजदूर पिस रहे हैं। कृषि मंत्री पर हमला बघेल ने कृषि मंत्री किसानों और मजदूरों के हित में योजना बताने और उनके अन्य बयान पर कहा कि शिवराज सिंह की मानसिक हालत तब से ठीक नहीं है जब से उन्हें मुख्यमंत्री पद से हटाया गया है। उनका कहना है कि किसानों और मजदूरों के हित में केंद्र सरकार की नीतियां नहीं हैं कानून-व्यवस्था और शिक्षा का मुद्दा राज्य में बिगड़ती कानून-व्यवस्था पर चिंता जताते हुए कांग्रेस ने कहा कि नए साल की शुरुआत में ही नौ हत्याएं हो चुकी हैं और अपराधियों के हौसले बुलंद हैं। उन्होंने उदाहरण देते हुए बताया कि एक सरपंच को शादी समारोह में खुलेआम गोली मार दी गई और नए साल में अब तक नौ लोगों की हत्याएं हो चुकी हैं। शिक्षा के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि AAP सरकार ने चार साल में एक भी नया स्कूल नहीं खोला, केवल पुराने स्कूलों पर रंग-रोगन कर ‘शिक्षा क्रांति’ का झूठा प्रचार किया जा रहा है। जबकि सरकार शिक्षा और स्वास्थ्य को लेकर बड़े बड़े दावे कर रही है। दिल्ली में इसी तरह से झूठे प्रचार किए थे। प्रताप सिंह बाजवा का मुख्यमंत्री पर निजी प्रहार: नेता प्रतिपक्ष प्रताप सिंह बाजवा ने मुख्यमंत्री भगवंत मान की कार्यशैली और भाषा पर कड़े सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री नशे के खिलाफ जंग की बात करते हैं, जबकि वे स्वयं इससे मुक्त नहीं हो पाए हैं। बाजवा ने शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (SGPC) से अपील की कि मुख्यमंत्री जब अकाल तख्त साहिब आएं, तो उनका ‘अल्कोहल टेस्ट’ किया जाना चाहिए। उन्होंने AAP को धर्म के प्रति असंवेदनशील बताया। विपक्ष के नेता प्रताप सिंह बाजवा ने कहा कि उन्होंने अपने 70 साल के जीवन में ऐसा मुख्यमंत्री नहीं देखा जो विपक्ष के नेताओं के लिए अभद्र भाषा का प्रयोग करता हो। उन्होंने AAP को धर्म विरोधी करार देते हुए कहा कि मुख्यमंत्री धार्मिक मर्यादाओं का उल्लंघन कर रहे हैं। विज्ञापनों और आर्थिक स्थिति पर हमला: कांग्रेस ने दावा किया कि पंजाब कर्ज में डूबा है, अस्पतालों में दवाएं नहीं हैं और स्वास्थ्य विभाग में 50% पद खाली हैं, लेकिन सरकार विज्ञापनों पर करोड़ों खर्च कर रही है। राजा वड़िंग ने कार्यकर्ताओं से ‘कमर कसने’ की अपील करते हुए कहा कि अब पंजाब से ‘झाड़ू’ को साफ करने का समय आ गया है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि बठिंडा निगम चुनाव में दलबदलुओं को टिकट नहीं दिया जाएगा। कर्ज में डूबी है पंजाब सरकार कांग्रेस ने पंजाब सरकार पर लगातार कर्ज बढ़ने का आरोप लगाया। उन्होंने दावा किया कि पंजाब को कर्ज-मुक्त करने का वादा किया गया था, लेकिन इसके बावजूद राज्य में न तो कोई नया कॉलेज है, न कोई नया अस्पताल और न ही कर्मचारियों को भत्ते मिल रहे हैं। कांग्रेस ने सवाल उठाया कि जब विकास कार्य नहीं हो रहे हैं, तो यह पैसा कहां जा रहा है। उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार केवल विज्ञापनों के सहारे चल रही है। राजा वड़िंग का ‘झाड़ू’ साफ करने का आह्वान: पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग ने कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर आगामी चुनावों के लिए ‘कमर कसने’ की अपील की। उन्होंने कहा कि पंजाब में कानून-व्यवस्था और आर्थिक स्थिति पूरी तरह चरमरा गई है। वड़िंग ने पूर्व वित्त मंत्री मनप्रीत सिंह बादल पर निशाना साधते हुए कहा कि जनता अब उनके बहकावे में नहीं आएगी। इसके साथ ही उन्होंने दिल्ली की पूर्व मुख्यमंत्री आतिशी के संदर्भ में कहा कि उन्हें धार्मिक सजा को सहर्ष स्वीकार करना चाहिए। वड़िंग ने स्पष्ट किया कि बठिंडा निगम चुनाव में किसी भी दलबदलू को कांग्रेस का टिकट नहीं दिया जाएगा।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *