पंजाब के बठिंडा में कोटशमीर रामा रोड पर मंगलवार को एक दर्दनाक हादसे में स्कूल वैन की महिला कंडक्टर की मौत हो गई। राजविंदर कौर (45-50) नाम की महिला कंडक्टर बच्चों को स्कूल ले जाने के लिए वैन में बिठा रही थी। इस दौरान वैन की खिड़की खुली होने के कारण वह संतुलन खो बैठी और वैन से नीचे गिर गई। दुर्भाग्यवश वह वैन के पिछले टायर के नीचे आ गई, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही सड़क सुरक्षा बल और पुलिस मौके पर पहुंच गई। सहारा जन सेवा संस्था के कार्यकर्ता संदीप सिंह ने बताया कि जब वे मौके पर पहुंचे तो महिला की मृत अवस्था में सड़क किनारे पड़ी मिली। मृतक की पहचान राजविंदर कौर के रूप में हुई, जो पाल सिंह की पत्नी थीं। सिविल अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड के डॉ. हर्षित गोयल ने हादसे की पुष्टि करते हुए बताया कि पैर फिसलने के कारण महिला वैन के नीचे आ गई, जिससे उनकी मौत हो गई। एक समाज सेवी संस्था की मदद से मृतका के शव को बठिंडा सरकारी अस्पताल के मुर्दाघर में रखवाया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।


